अनाज के दाम स्थिर, लेकिन प्याज-आलू में उतार-चढ़ाव, जानिए बांका मंडी का ताजा हाल

Banka Mandi : "बांका मंडी में अनाज के दाम स्थिर, लेकिन प्याज-आलू ने बढ़ाई चिंता! विक्रमशिला सेतु और महंगे ईंधन का बाजार पर दिख रहा असर"

बांका से मदन कुमार की रिपोर्ट.

Banka Mandi : बांका की मंडी में पिछले एक सप्ताह से खाद्यान्न, दलहन और तेलहन के दाम लगभग स्थिर बने हुए हैं. हालांकि खुदरा महंगाई की मार आम लोगों को लगातार परेशान कर रही है. मंडी में कारोबार सामान्य रहा और विभिन्न कृषि जिंसों की आवक भी संतुलित रही. इसके बावजूद कुछ जरूरी वस्तुओं, खासकर आलू और प्याज की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है. व्यापारियों का मानना है कि परिवहन लागत बढ़ने और आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होने से आने वाले दिनों में कीमतों में बदलाव संभव है.

मंडी में स्थिरता, लेकिन बाजार में बेचैनी बरकरार

स्थानीय कारोबारियों के अनुसार मंडी में फिलहाल खाद्यान्न, दलहन, तेलहन और मसालों की उपलब्धता सामान्य है. इसी वजह से इनके दामों में कोई बड़ा बदलाव नहीं हुआ है. हालांकि खुदरा बाजार में महंगाई का असर उपभोक्ताओं की जेब पर साफ दिखाई दे रहा है. रोजमर्रा की जरूरत की वस्तुओं पर बढ़ता खर्च लोगों की चिंता बढ़ा रहा है.

विक्रमशिला सेतु और महंगा ईंधन बना बड़ी वजह

व्यापारियों का कहना है कि भागलपुर में विक्रमशिला सेतु के क्षतिग्रस्त होने के बाद माल ढुलाई प्रभावित हुई है. इसके साथ ही ईंधन की बढ़ती कीमतों ने परिवहन खर्च और बढ़ा दिया है. लंबी दूरी तय करके आने वाले माल पर अतिरिक्त खर्च पड़ रहा है, जिसका असर थोक और खुदरा दोनों बाजारों में दिखाई दे रहा है. इसका सीधा असर खेती-किसानी से जुड़े उत्पादों की लागत पर भी पड़ रहा है.

किस जिंस का क्या है भाव?

मंडी में गेहूं 2600 से 2650 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिक रहा है, जबकि मक्का 2100 से 2150 रुपये प्रति क्विंटल के स्तर पर है. मंसूरी चावल 3250 से 3400 रुपये और अरवा मोटा चावल 3100 से 3250 रुपये प्रति क्विंटल के बीच कारोबार कर रहा है. बासमती चावल का भाव 12500 से 13500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंचा हुआ है.

दलहन में मसूर दाल 6000 से 6550 रुपये, मूंग दाल 9540 से 9600 रुपये और अरहर दाल 11500 से 15000 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिक रही है. वहीं आलू 1200 से 1450 रुपये और प्याज 1800 से 1900 रुपये प्रति क्विंटल के बीच कारोबार कर रहा है.

आगे क्या रहेगा रुख?

व्यापारियों का मानना है कि फिलहाल बाजार संतुलित स्थिति में है. लेकिन मांग, आपूर्ति और परिवहन लागत में बदलाव के आधार पर आने वाले दिनों में कीमतों में तेजी या नरमी देखी जा सकती है. ऐसे में किसानों, व्यापारियों और उपभोक्ताओं की नजर अब बाजार की अगली चाल पर टिकी हुई है.

इसे भी पढ़ें:  ‘एक भाई जेल में, दूसरे की मौत’, प्रिंस यादव की मौत पर भड़के पप्पू यादव, बोले- हत्यारों पर तुरंत हो कार्रवाई

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >