Banka News: बांका जिले के प्रसिद्ध पर्यटन और धार्मिक स्थल मंदार में पर्यटकों की सुविधा के लिए लगभग 1.70 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया कैफेटेरिया इन दिनों बदहाली का प्रतीक बन गया है. करीब पांच महीनों से बंद पड़ा यह भवन अब गंदगी, झाड़ियों और लताओं से घिर चुका है. नियमित रखरखाव नहीं होने के कारण परिसर की स्थिति लगातार खराब होती जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं में नाराजगी बढ़ रही है.
सावन के दौरान जब मंदार में हजारों कांवरिये और पर्यटक पहुंच रहे हैं, ऐसे समय में कैफेटेरिया का बंद रहना सबसे बड़ी समस्या बनकर सामने आया है.
श्रद्धालुओं की भीड़, लेकिन सुविधा बंद
मंदार पर्वत और उसकी तराई में इन दिनों बिहार समेत देश के कई राज्यों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंच रहे हैं. बाबा बैद्यनाथ धाम जाने वाले कांवरियों की आवाजाही भी लगातार बनी हुई है.
इसके बावजूद करोड़ों रुपये से बना कैफेटेरिया बंद होने के कारण आगंतुकों को भोजन और अन्य बुनियादी सुविधाओं के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है. वर्तमान में केवल व्याख्यान भवन में संचालित रेस्टोरेंट ही उपलब्ध है, जहां भीड़ अधिक रहने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है.
2015 में बना था कैफेटेरिया
इस कैफेटेरिया का निर्माण तत्कालीन पर्यटन मंत्री डॉ. जावेद इकबाल अंसारी के प्रयासों से कराया गया था.
10 जनवरी 2015 को इसका शिलान्यास किया गया और निर्माण एजेंसी श्रीराम इंटरप्राइजेज ने 2 सितंबर 2015 को भवन का निर्माण कार्य पूरा कर पर्यटन विभाग को सौंप दिया.
हालांकि निर्माण पूरा होने के बाद भी यह लंबे समय तक शुरू नहीं हो सका. बाद में पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन के प्रयासों से इसका संचालन आरंभ हुआ, लेकिन अब एक बार फिर यह बंद पड़ा है.
रखरखाव के अभाव में बिगड़ रही स्थिति
स्थानीय लोगों के अनुसार कैफेटेरिया परिसर में गंदगी का अंबार लगा है. भवन की दीवारों और आसपास लताएं फैल चुकी हैं और नियमित सफाई नहीं होने से पूरा परिसर उजाड़ नजर आने लगा है.
लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत और रखरखाव नहीं किया गया, तो यह महत्वपूर्ण पर्यटन संपत्ति धीरे-धीरे खंडहर में बदल सकती है.
पर्यटन विभाग से संचालन शुरू करने की मांग
स्थानीय नागरिकों और पर्यटन से जुड़े लोगों ने मांग की है कि कैफेटेरिया को जल्द दोबारा शुरू किया जाए और नियमित साफ-सफाई तथा रखरखाव की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए.
उनका कहना है कि मंदार जैसे प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल पर इस तरह की सुविधा बंद रहना सरकार की पर्यटन नीति पर भी सवाल खड़ा करता है.
Banka News: पर्यटन विभाग ने दिया आश्वासन
मंदार क्षेत्र में पर्यटन विभाग के प्रबंधक मुकेश कुमार ने बताया कि कैफेटेरिया पूर्व में जिला प्रशासन को हैंडओवर किया गया था.
उन्होंने कहा कि अब पर्यटन विभाग इसे पुनः अपने अधीन लेकर व्यवस्थित ढंग से संचालित करने की दिशा में पहल करेगा, ताकि आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें.
