कटोरिया (बांका) से दीपक चौधरी की रिपोर्ट : कटोरिया और आसपास के क्षेत्रों में पिछले एक सप्ताह से पड़ रही तेज गर्मी और मौसम की बेरुखी ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है. सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर तीन बजे तक तेज धूप और गर्म हवाओं के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर हो रहे हैं. बाजार, चौक-चौराहे और मुख्य सड़कें भी दोपहर के समय वीरान नजर आ रही हैं.
तीन महिलाओं समेत चार लोग पहुंचे अस्पताल
रविवार को भीषण गर्मी और लू के कारण कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई. हड़हार पंचायत के लछनाडीह गांव निवासी जयनंदन यादव की 20 वर्षीय पत्नी भलिया देवी, अबराखा गांव निवासी उगन यादव के 20 वर्षीय पुत्र किशनदेव यादव और तेलंगवा गांव निवासी स्वर्गीय विनोद दास की 16 वर्षीय पुत्री ममता कुमारी समेत चार लोगों को गंभीर हालत में कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया.
बुखार, उल्टी और चक्कर की शिकायत
अस्पताल पहुंचे मरीजों को बुखार, सिरदर्द, पेट दर्द, दस्त, उल्टी, चक्कर और अत्यधिक कमजोरी की शिकायत थी. चिकित्सकों के अनुसार भीषण गर्मी और शरीर में पानी की कमी के कारण लोगों की तबीयत बिगड़ रही है.लू वार्ड में चल रहा इलाज
कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सभी मरीजों को लू वार्ड में भर्ती कर प्राथमिक उपचार किया गया. प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने मरीजों का इलाज शुरू किया. मरीजों को स्लाइन चढ़ाने के साथ ओआरएस और जरूरी दवाइयां दी गईं.
डॉक्टरों ने दी सावधानी बरतने की सलाह
चिकित्सकों ने लोगों से दोपहर में धूप से बचने, अधिक मात्रा में पानी पीने और जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की है. डॉक्टरों ने कहा कि गर्मी के मौसम में शरीर में पानी की कमी होने से लू और डिहाइड्रेशन का खतरा तेजी से बढ़ जाता है.गर्मी से जनजीवन प्रभावित
लगातार बढ़ते तापमान के कारण ग्रामीण क्षेत्रों में भी लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है. खासकर बुजुर्ग, बच्चे और मजदूर वर्ग के लोग सबसे अधिक परेशानी झेल रहे हैं. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की सलाह दी है.
