यूको बैंक से पैसे निकालकर निकली महिला से 20 हजार की ठगी, CCTV के आधार पर जांच में जुटी पुलिस

Banka Crime News:बांका के अमरपुर थाना क्षेत्र में ठगों ने यूको बैंक के बाहर एक महिला को निशाना बनाया. महिला से चालाकी से 20 हजार रुपये लेकर दोनों युवक फरार हो गए. पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान कर रही है.

अमरपुर बांका से प्रीतम कुमार की रिपोर्ट

Banka Crime News: अमरपुर थाना क्षेत्र के खेमीचक स्थित यूको बैंक के बाहर बुधवार को ठगों ने एक महिला को अपना शिकार बना लिया. महिला से चालाकी से 20 हजार रुपये लेकर दोनों युवक फरार हो गए. पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है.

बैंक से रुपये निकालते ही ठगों ने बनाया निशाना

जानकारी के अनुसार धरानी गांव निवासी कवित्री देवी, पति आनंदी दास, बुधवार सुबह करीब 11:30 बजे खेमीचक स्थित यूको बैंक से अपने खाते से 20 हजार रुपये निकालकर घर लौट रही थीं. बैंक से बाहर निकलते ही दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोक लिया.

महिला के अनुसार दोनों युवक अपने पास एक लाख रुपये होने की बात कहते हुए उनसे बैंक में रकम जमा कराने का अनुरोध करने लगे. जब उन्होंने मना किया तो दोनों युवक उन्हें बहलाकर एक ओर ले गए.

नकली नोटों की गड्डी थमाकर ले उड़े 20 हजार रुपये

पीड़िता ने बताया कि आरोपियों ने कागज में लिपटी नोटों की गड्डी जैसी वस्तु उनके हाथ में पकड़ा दी और इसी दौरान उनके पास प्लास्टिक की थैली में रखे 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गए. जब तक महिला पूरी घटना समझ पाती, दोनों आरोपी अमरपुर बस स्टैंड की ओर भाग चुके थे.

थाने पहुंचकर लगाई न्याय की गुहार

घटना के बाद पीड़िता सीधे अमरपुर थाना पहुंचीं और पुलिस को पूरी जानकारी देते हुए कार्रवाई की मांग की. सूचना मिलते ही दारोगा मुकेश कुमार पुलिस टीम के साथ यूको बैंक पहुंचे और बैंक प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज हासिल की.

CCTV फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश

पुलिस ने बैंक परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है. फुटेज में दोनों संदिग्ध युवक दिखाई दिए हैं, जिनकी पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है.

अमरपुर थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है. जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दोनों युवकों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

पुलिस ने लोगों से बरतने की अपील की सावधानी

पुलिस ने बैंक से पैसे निकालने वाले लोगों से अपील की है कि किसी भी अजनबी के झांसे में न आएं और नकदी से जुड़े किसी भी प्रकार के अनुरोध या लालच से सतर्क रहें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें.

ये भी पढ़ें : श्रावणी मेला 2026 : कांवरियों की सुरक्षित यात्रा के लिए प्रशासन अलर्ट, NH-133E पर शुरू हुई तैयारियां


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit Kr Sinha

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >