बांका में अवैध रूप से बिजली जलाने वाले हो जाएं सावधान! 33 लोगों पर जुर्माना, अब रोज होगी छापेमारी

बांका जिले में बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विद्युत विभाग ने कमर कस ली है. विशेष जांच अभियान के तहत 33 लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा गया है, जिनमें एक एटीसी टावर भी शामिल है. इन पर कुल 1,51,854 रुपये का जुर्माना लगाया गया है. विभाग ने चेतावनी दी है कि अब रोज छापेमारी अभियान चलेगा और चोरी पकड़े जाने पर कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी.

बांका जिले में बिजली चोरी पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए विद्युत विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है. विभाग की अलग-अलग टीमों ने सहायक विद्युत अभियंता और कनीय अभियंताओं के नेतृत्व में कई क्षेत्रों में विशेष जांच अभियान चलाया. जांच के दौरान बाराहाट बाजार स्थित एटीसी टावर में बाइपास के जरिए बिजली का उपयोग पकड़ा गया. विभाग ने मामले में 1,51,854 रुपये का जुर्माना लगाया है. इसके अलावा जिले के अलग-अलग इलाकों में 32 अन्य लोगों को भी बिजली चोरी करते पकड़ा गया.

एटीसी टावर में चल रही थी बिजली की चोरी

बाराहाट बाजार में जांच के दौरान विद्युत विभाग की टीम ने एटीसी टावर में बिजली चोरी का मामला पकड़ा. जांच में सामने आया कि बाइपास तरीके से बिजली का उपयोग किया जा रहा था. विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित उपभोक्ता पर 1,51,854 रुपये का जुर्माना लगाया. मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित थाना में प्राथमिकी भी दर्ज करायी गयी है.

बाराहाट से बौंसी तक चला जांच अभियान

विद्युत विभाग की टीम ने बाराहाट प्रखंड क्षेत्र में पांच लोगों को बिजली चोरी करते पकड़ा. वहीं बौंसी प्रखंड क्षेत्र में 12 मामले सामने आये. बांका ककवारा क्षेत्र में छह और बांका मुख्यालय क्षेत्र में नौ लोगों को बिजली चोरी करते हुए पकड़ा गया.

इस तरह अलग-अलग क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के दौरान कुल 33 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी का मामला सामने आया. विभाग ने सभी मामलों में निर्धारित प्रक्रिया के तहत जुर्माना लगाया और संबंधित थानों में प्राथमिकी दर्ज करायी.

प्राथमिकी के बाद पुलिस ने शुरू की कार्रवाई

विद्युत विभाग के सहायक अभियंता राजस्व आशीष कुमार ने बताया कि बिजली चोरी के सभी मामलों में संबंधित थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है. विभाग की ओर से बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है.

उन्होंने कहा कि बिजली चोरी रोकने के लिए जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा. विभाग की टीमें प्रतिदिन अलग-अलग क्षेत्रों में पहुंचकर बिजली कनेक्शन और मीटर की जांच करेंगी. चोरी पकड़े जाने पर जुर्माना लगाने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जायेगी.

अब रोज चलेगा छापेमारी अभियान

बिजली विभाग की लगातार कार्रवाई से अवैध तरीके से बिजली का इस्तेमाल करने वालों में हड़कंप मचा है. विभाग का कहना है कि बिजली चोरी से न केवल राजस्व का नुकसान होता है, बल्कि इससे विद्युत व्यवस्था पर भी प्रतिकूल असर पड़ता है. इसलिए जिले के विभिन्न प्रखंडों में जांच अभियान को और तेज किया जायेगा.

इधर, प्राथमिकी दर्ज होने के बाद संबंधित थानों की पुलिस ने भी मामले में आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. विभाग की इस कार्रवाई से साफ है कि आने वाले दिनों में बिजली चोरी करने वालों के खिलाफ अभियान और व्यापक हो सकता है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By चंदन कुमार

चंदन कुमार बांका में प्रिंट माध्यम में 15 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >