Banka News: श्रावणी मेला के दौरान सुल्तानगंज से कांवर लेकर बाबाधाम जा रही गया जिले की एक महिला श्रद्धालु की रास्ते में तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई. कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. चिकित्सकों के अनुसार, मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है. घटना के बाद साथ चल रहे करीब 250 कांवरियों के जत्थे में शोक की लहर दौड़ गई.
गया जिले की रहने वाली थीं चमेली देवी
मृतका की पहचान गया जिले के टेनकुप्पा थाना क्षेत्र के नीमा-दोहांय गांव निवासी अजय यादव की 57 वर्षीय पत्नी चमेली देवी के रूप में हुई है. वे अपने गांव और आसपास के इलाकों से निकले बड़े कांवरिया जत्थे के साथ बाबा बैद्यनाथ धाम के दर्शन के लिए सुल्तानगंज से पैदल यात्रा पर निकली थीं.
सुबह तीन बजे उठाई थी कांवर
साथी कांवरियों के अनुसार शनिवार की अहले सुबह करीब तीन बजे चमेली देवी ने सुल्तानगंज में कांवर उठाई थी. जत्था सामान्य रूप से आगे बढ़ रहा था और सभी श्रद्धालु पैदल यात्रा कर रहे थे. कुछ दूरी तय करने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई.
पेट दर्द और बेचैनी के बाद बिगड़ी हालत
सुल्तानगंज के कठपुलवा पार करने के बाद चमेली देवी ने पेट में तेज दर्द और बेचैनी की शिकायत की. साथ चल रहे श्रद्धालुओं ने तुरंत उन्हें प्राथमिक उपचार दिलाने का प्रयास किया. जब स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो उन्होंने पैदल यात्रा छोड़कर वाहन से आगे बढ़ने का निर्णय लिया.
रास्ते में उनकी हालत फिर गंभीर हो गई, जिसके बाद उन्हें सुईया स्वास्थ्य उपकेंद्र ले जाया गया.
सुईया से कटोरिया रेफर, डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
सुईया स्वास्थ्य उपकेंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रेफर कर दिया. वहां प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विनोद कुमार और डॉ. शैलजानंद शुक्ला ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया.
डॉक्टरों के अनुसार, प्रथम दृष्टया मौत का कारण हार्ट अटैक प्रतीत होता है.
आस्था की यात्रा पलभर में शोक में बदली
चमेली देवी की मौत की खबर मिलते ही साथ चल रहे कांवरियों के बीच चीख-पुकार मच गई. उनकी गोतनी बसंती देवी, साथी श्रद्धालु उदय कुमार, बिपिन कुमार सहित अन्य परिजनों और कांवरियों का रो-रोकर बुरा हाल था. बाबाधाम की आस्था भरी यात्रा एक पल में गहरे शोक में बदल गई.
Banka News: पुलिस ने शुरू की आवश्यक कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही कटोरिया थाना के अवर निरीक्षक रवि कुमार पुलिस बल के साथ कटोरिया सीएचसी पहुंचे. उन्होंने मृतका के साथ आए कांवरियों से पूरी घटना की जानकारी ली और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू की. बड़ी संख्या में कांवरिया भी अस्पताल पहुंच गए, जिससे अस्पताल परिसर में काफी भीड़ जुट गई.
श्रावणी मेला के दौरान लाखों श्रद्धालु सुल्तानगंज से देवघर तक की पैदल यात्रा करते हैं. चिकित्सकों का कहना है कि लंबी पदयात्रा, उमस, निर्जलीकरण और पहले से मौजूद हृदय संबंधी समस्याएं ऐसे मामलों में जोखिम बढ़ा सकती हैं.
