बाराहाट. प्रखंड के पथरा पंचायत में आम लोगों के आवागमन के लिए उपयोग में आने वाले एक ग्रामीण मार्ग को कुछ लोगों द्वारा घेरकर बंद करने का प्रयास किया जा रहा है. इस मामले को लेकर दर्जनों ग्रामीणों ने लिखित आवेदन तैयार कर भूमि उपसमाहर्ता को सौंपा है. आवेदन में उल्लेख किया गया है कि राजेंद्र सिंह, उपेंद्र सिंह एवं राकेश सिंह द्वारा उक्त आम रास्ते को जबरन घेरकर अपने निजी उपयोग के लिए बंद किया जा रहा है. इससे गांव के लोगों के दैनिक आवागमन में गंभीर बाधा उत्पन्न हो रही है. ग्रामीणों का कहना है कि यह मार्ग लंबे समय से सार्वजनिक उपयोग में है और इसे बंद करने से आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ेगा. इस संबंध में ग्रामीण हेमंत कुमार, भरत सिंह, गोविंद सिंह, भानू पंडित, गोलू यादव सहित एक दर्जन से अधिक लोगों ने आवेदन पर हस्ताक्षर किए हैं. ग्रामीणों ने आशंका जतायी है कि यदि यह रास्ता बंद हो गया तो लोगों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो जायेगा और गांव में समस्या की स्थिति उत्पन्न हो जायेगी. ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की जांच कर शीघ्र उचित कार्रवाई की जाए, ताकि आम रास्ता बाधित न हो और लोगों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो.
पथरा गांव में आम रास्ते को रोकने का प्रयास, भूमि उपसमाहर्ता को दिया आवेदन
प्रखंड के पथरा पंचायत में आम लोगों के आवागमन के लिए उपयोग में आने वाले एक ग्रामीण मार्ग को कुछ लोगों द्वारा घेरकर बंद करने का प्रयास किया जा रहा है.
