कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक देंगे मजबूती : जितेंद्र

कांग्रेस पार्टी ने जिले में संगठन को नई धार देने के उद्देश्य से बड़ा फैसला लेते हुए अमरपुर के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जितेंद्र सिंह को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है.

बांका. कांग्रेस पार्टी ने जिले में संगठन को नई धार देने के उद्देश्य से बड़ा फैसला लेते हुए अमरपुर के पूर्व विधानसभा प्रत्याशी जितेंद्र सिंह को जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी है. पार्टी के इस निर्णय को आगामी चुनावों के मद्देनजर संगठनात्मक मजबूती की रणनीति के रूप में देखा जा रहा है. नवनियुक्त जिलाध्यक्ष जितेंद्र सिंह ने पदभार संभालते ही स्पष्ट कर दिया है कि उनका पूरा फोकस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत बनाने पर रहेगा. उन्होंने कहा कि पार्टी की असली ताकत उसके कार्यकर्ता हैं और बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय और सशक्त करना उनकी पहली प्राथमिकता होगी. इसके लिए वे पंचायत, प्रखंड और बूथ स्तर पर सक्रिय कार्यकर्ताओं की पहचान कर उन्हें जिम्मेदारी देंगे, साथ ही निष्क्रिय इकाइयों को पुनर्जीवित करेंगे. उन्होंने कहा कि हर बूथ पर मजबूत टीम खड़ी करने, नियमित बैठकें आयोजित करने और कार्यकर्ताओं के साथ सीधे संवाद स्थापित करने की रणनीति पर काम किया जायेगा. इसके अलावा युवाओं और नए चेहरों को संगठन से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाने की भी योजना है, ताकि पार्टी को नयी ऊर्जा मिल सके. उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस विपक्ष की भूमिका को मजबूती से निभाएगी और जनता से जुड़े मुद्दों को सड़क से सदन तक उठाएगी. जितेंद्र सिंह वर्तमान में भागलपुर सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक के अध्यक्ष हैं और जिले की राजनीति में उनका गहरा प्रभाव माना जाता है. जितेंद्र सिंह की नियुक्ति को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं में भी उत्साह देखा जा रहा है. पार्टी के वरिष्ठ नेता महेश्वरी यादव, संजय झा, पूर्व जिलाध्यक्ष संजीव सिंह और राघवेंद्र सिंह सहित कई नेताओं ने उन्हें नयी जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए विश्वास जताया है कि उनके नेतृत्व में कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होगा.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By SHUBHASH BAIDYA

SHUBHASH BAIDYA is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >