नवजात की मौत पर फूटा परिजनों का गुस्सा, सीएचसी में हंगामा व तोड़फोड़

ड्यूटी पर तैनात एएनएम पर लापरवाही का आरोप, जांच और कार्रवाई की उठी मांग

ड्यूटी पर तैनात एएनएम पर लापरवाही का आरोप, जांच और कार्रवाई की उठी मांग

कटोरिया (बांका)

: कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में शनिवार को प्रसव के कुछ देर बाद ही नवजात की मौत पर आक्रोशित परिजनों ने जमकर हंगामा किया. इस क्रम में प्रसव वार्ड में तोड़-फोड़ भी किया गया. परिजनों का आरोप है कि ड्यूटी पर तैनात एएनएम द्वारा प्रसव व नवजात को रेफर करने में लापरवाही बरती गई है. इधर घटना हंगामा व तोड़-फोड़ की सूचना पर कटोरिया थाना की पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की. वहीं प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डा विनोद कुमार व हेल्थ मैनेजर अमरेश कुमार ने पीड़ित परिजनों को समझा-बुझाकर शांत किया.

सुबह 7 बजकर 20 मिनट पर सीएचसी पहुंची थी महिला

प्राप्त जानकारी के अनुसार कटोरिया प्रखंड के दामोदरा पंचायत अंतर्गत गड़ुरा गांव निवासी अरविंद कुमार यादव की 22वर्षीया गर्भवती पत्नी को शनिवार की सुबह सात बजकर बीस मिनट पर प्रसव वार्ड में भर्ती कराया गया था. सुबह करीब ग्यारह बजे उसने आकाश कुमार नामक पुत्र को जन्म दी. जन्म के कुछ देर बाद से ही नवजात की स्थिति गंभीर होने लगी.

महिला चिकित्सक ने की थी जच्चा व बच्चा की जांच

चिकित्सक डा संजीवनी प्रांजल ने प्रसूता व नवजात दोनों के स्वास्थ्य की जांच की. फिर नवजात आकाश को नाजुक हालत में देवघर रेफर कर दिया गया. उधर परिजनों का आरोप है कि देवघर में चिकित्सकों ने नवजात को जांच के साथ ही मृत घोषित कर दिया. साथ ही बताया कि नवजात की मौत एक घंटा पूर्व ही हो चुकी है. परिजनों का आरोप है कि नवजात को कटोरिया सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एएनएम बेबी कुमारी व प्रिया कुमारी द्वारा रेफर करने में देरी की गई. एएनएम की लापरवाही से ही नवजात की मौत हो गई.

नवजात की मौत की खबर से आक्रोशित हुए परिजन

इधर देवघर में नवजात की मौत की खबर सुनते ही कटोरिया सीएचसी में पहुंचे परिजन आक्रोशित हो गए. उपस्थित स्वास्थ्य कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की करते हुए तोड़फोड़ भी की. सूचना पर कटोरिया पुलिस ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में काफी देर तक कैंप भी किया.

परिजनों में मचा रहा कोहराम

नवजात की मौत से परिजनों में कोहराम मचा रहा. मृत नवजात की मां रेणू कुमारी, पिता अरविंद कुमार यादव, बड़े पापा राजेंद्र यादव, बड़ी मम्मी सुलेखा कुमारी, फुआ गुड़िया देवी आदि का रो-रोकर बुरा हाल रहा. मौके पर पहुंचे दामोदरा पैक्स अध्यक्ष गुड्डु यादव, समाजसेवी पप्पू कुमार यादव आदि ने पीड़ित परिजनों को सांत्वना दी.

जांच व कार्रवाई की हुई मांग

वहीं जमदाहा मुखिया प्रतिनिधि अभिषेक कुमार उर्फ अमित यादव एवं दामोदरा पैक्स अध्यक्ष गुड्डु यादव ने स्वास्थ्य विभाग के वरीय अधिकारियों से मामले की जांच व दोषी एएनएम के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है. ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृति नहीं हो. ग्रामीण इलाकों के स्वास्थ्य उपकेंद्रों में भी नियमित रूप से एएनएम सेवारत रहे. ताकि ग्रामीणों व गर्भवती महिलाओं को ससमय स्वास्थ्य सेवा मिल सके.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SHUBHASH BAIDYA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >