अमरपुर नगर पंचायत के विस्तार की प्रक्रिया तेज, 14 से बढ़कर 25 हो सकती है वार्डों की संख्या

Amarpur Nagar Panchayat Expansion : अमरपुर नगर पंचायत के विस्तार की प्रक्रिया तेज हो गई है, जिसमें वार्डों की संख्या 14 से बढ़कर 25 होने की उम्मीद है। इसमें आसपास के गांवों को भी शामिल किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के शहरी विकास और नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा।

Amarpur Nagar Panchayat Expansion : बांका जिले के अमरपुर नगर पंचायत के विस्तार की प्रक्रिया अब तेज हो गई है. बिहार सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग ने सभी जिलाधिकारियों से प्रस्ताव मांगा है. प्रस्ताव को अंतिम रूप मिलने के बाद अमरपुर नगर पंचायत में शामिल वार्डों की संख्या वर्तमान 14 से बढ़कर लगभग 25 हो सकती है. इसके साथ ही आसपास के कई गांवों को भी नगर पंचायत की सीमा में शामिल किए जाने की संभावना है.

सरकार ने मांगा विस्तृत प्रस्ताव

नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र जारी कर नगर निकायों के विस्तार संबंधी प्रस्ताव उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है. विभाग ने प्रस्ताव में संबंधित क्षेत्र की जनसंख्या, क्षेत्रफल, जनसंख्या घनत्व, भौगोलिक सीमा, चौहद्दी, थानों एवं कर्मियों की संख्या सहित सभी आवश्यक जानकारियां देने को कहा है. साथ ही संबंधित क्षेत्र का नजरी नक्शा भी प्रस्ताव के साथ संलग्न करने का निर्देश दिया गया है.

पहले ही मिल चुकी है सामान्य बैठक की मंजूरी

मुख्य पार्षद रीता साहा ने बताया कि नगर पंचायत की सामान्य बैठक में 11 मार्च 2024 को शहरी क्षेत्र के विस्तार का प्रस्ताव लाया गया था. इसके बाद 7 सितंबर 2024 को सभी पार्षदों ने सर्वसम्मति से इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी थी.

इन गांवों को शामिल करने का प्रस्ताव

प्रस्तावित विस्तार के तहत कोल बुजुर्ग पंचायत के सिउड़ी, सलेमपुर पंचायत के खेमीचक, तारडीह पंचायत के गालिमपुर, सुल्तानपुर पंचायत के अराजी सुल्तानपुर, भदरिया पंचायत के गढ़ैल तथा भीखनपुर पंचायत के डटबाटी गांव को नगर पंचायत क्षेत्र में शामिल करने का प्रस्ताव है. जनसंख्या के आधार पर मौजूदा वार्डों का पुनर्गठन भी किया जा सकता है.

शहरी विकास को मिलेगी नई गति

मुख्य पार्षद ने कहा कि नगर पंचायत का विस्तार होने से इन गांवों में सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सफाई और अन्य शहरी सुविधाओं का विस्तार होगा. इससे स्थानीय लोगों को बेहतर नागरिक सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी.

उन्होंने बताया कि सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विस्तृत प्रस्ताव जल्द तैयार कर विभाग को भेज दिया जाएगा. उल्लेखनीय है कि अमरपुर नगर पंचायत के विस्तार की मांग लंबे समय से उठती रही है. पूर्व विधायक जनार्दन मांझी ने भी इस दिशा में लगातार प्रयास किए थे.


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

प्रीतम कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं. अमरपुर (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >