बांका में जमीन विवाद ने लिया हिंसक रूप, अमरपुर में दो पक्षों में मारपीट, महिला समेत 5 घायल, दो की हालत गंभीर

Banka News: अमरपुर थाना क्षेत्र के दौना गांव में जमीन विवाद को लेकर दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई, जिसमें महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया है।

Banka News: अमरपुर (बांका) में बांका जिले के अमरपुर थाना क्षेत्र के दौना गांव में जमीन और घर की दीवार के प्लास्टर को लेकर चल रहा विवाद शनिवार को हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए. घायलों को इलाज के लिए अमरपुर रेफरल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो लोगों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया.

घटना के बाद गांव में कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा. दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है और मामले में थाना में लिखित शिकायत देने की बात कही है. पुलिस शिकायत मिलने के बाद पूरे मामले की जांच करेगी.

जमीन और दीवार के प्लास्टर को लेकर बढ़ा विवाद

जानकारी के अनुसार, विवाद घर की साझा सीमा और दीवार पर प्लास्टर कराने को लेकर चल रहा था. बताया गया कि इस मामले में पहले पंचायत भी बैठी थी. पंचायत ने दोनों पक्षों को विवादित हिस्से पर प्लास्टर नहीं करने और आवश्यक जमीन छोड़कर आपसी सहमति से निर्माण कार्य कराने की सलाह दी थी.

आरोप है कि शनिवार को एक पक्ष ने बिना जमीन छोड़े दीवार पर प्लास्टर का काम शुरू कर दिया, जिसके बाद विवाद बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए.

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप

अस्पताल में इलाजरत प्रथम पक्ष के मो. कादीर ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडा, कुल्हाड़ी और चाकू से हमला कर दिया. इस हमले में वह, उनकी पत्नी बीबी शहनाज और पुत्र मो. बारीक घायल हो गए.

वहीं दूसरे पक्ष के मो. जिबराईल उर्फ जिब्बो ने आरोप लगाया कि सुबह मो. कादीर और उनके परिजनों ने पहले गाली-गलौज की और विरोध करने पर लाठी-डंडे से हमला कर दिया, जिससे वह और बीबी शहनवाज घायल हो गए.

दोनों पक्षों के बयान एक-दूसरे से अलग हैं और पुलिस जांच के बाद ही घटना की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

दो घायलों को मायागंज अस्पताल किया गया रेफर

मारपीट में घायल मो. कादीर, उनकी पत्नी बीबी शहनाज, पुत्र मो. बारीक, दूसरे पक्ष के मो. जिबराईल और बीबी शहनवाज का प्राथमिक उपचार अमरपुर रेफरल अस्पताल में डॉ. दिवाकर सिंह ने किया.

चिकित्सकों ने मो. कादीर और उनके पुत्र मो. बारीक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल (मायागंज) रेफर कर दिया.

Banka News: पुलिस में शिकायत की तैयारी

घटना के बाद दोनों पक्षों ने अमरपुर थाना में लिखित आवेदन देने की बात कही है. पुलिस का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते जमीन विवाद का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं दोबारा भी हो सकती हैं.

Also Read: हाजीपुर से चिराग पासवान ने कर दिया ऐलान, यूपी की सभी 403 सीटों पर उतारेंगे उम्मीदवार

Also Read: पटना नहीं, अब राजगीर इंटरनेशनल स्टेडियम में चौके-छक्के लगाएंगे बिहार के रणजी धुरंधर, 11 अक्टूबर को पहला मुकाबला


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

प्रीतम कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं. अमरपुर (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

और पढ़ें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >