सावन शुरू होने में 70 दिन शेष : कांवरिया पथ पर अभी से बढ़ी हलचल, प्रशासनिक तैयारी शुरू नहीं

Shravani Mela 2026: विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला शुरू होने में अभी 70 दिन बाकी हैं, लेकिन बांका के कांवरिया पथ पर तैयारियों की हलचल अभी से दिखने लगी है. व्यापारी जगह चिह्नित करने पहुंच रहे हैं, कलाकारों की बुकिंग शुरू हो चुकी है और लाखों शिवभक्तों के स्वागत की उम्मीद में पूरा क्षेत्र उत्साहित नजर आ रहा है.

बांका से चंदन कुमार की रिपोर्ट :

इस वर्ष सावन माह की शुरुआत 30 जुलाई से होगी और 28 अगस्त को श्रावणी पूर्णिमा एवं रक्षाबंधन के दिन इसका समापन होगा. विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला को लेकर बांका जिले के कांवरिया मार्ग पर अभी से गतिविधियां तेज हो गयी हैं. व्यापारी दुकान लगाने के लिए जगह चिह्नित करने पहुंचने लगे हैं, जबकि जिला प्रशासन की ओर से अब तक कोई विशेष तैयारी शुरू नहीं की गयी है.

कांवरिया पथ पर बढ़ी व्यापारियों की हलचल

हर साल श्रावणी मेला के दौरान लाखों कांवरिया सुल्तानगंज से देवघर तक पैदल यात्रा कर बाबा बैद्यनाथ को जल अर्पित करते हैं. इस यात्रा का सबसे बड़ा हिस्सा बांका जिले से होकर गुजरता है.कांवरिया मार्ग के किनारे होटल, चाय, पानी, फल, दवा और अन्य जरूरत की दुकानों की लंबी कतारें लगती हैं. स्थानीय लोगों के साथ दूसरे जिलों और राज्यों से भी व्यापारी यहां कारोबार करने पहुंचते हैं.जानकारों के अनुसार, केवल दतवन बेचकर भी लोग प्रतिदिन सैकड़ों रुपये कमा लेते हैं. पूरे सावन महीने में कांवरिया पथ पर अरबों रुपये का कारोबार होने का अनुमान लगाया जाता है.

हजारों परिवारों की आजीविका जुड़ी

श्रावणी मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि हजारों परिवारों की आजीविका का बड़ा आधार भी माना जाता है. कांवरिया पथ के किनारे बसे गांवों के लोग पूरे साल इस मेले का इंतजार करते हैं.कई परिवार ऐसे हैं जो एक महीने के मेले में कमाई कर पूरे साल का खर्च निकाल लेते हैं. अनुमान है कि करीब 50 हजार लोग प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से इस मेले से रोजगार प्राप्त करते हैं.

कलाकारों की बुकिंग भी शुरू

श्रावणी मेला में भक्ति कार्यक्रमों और सांस्कृतिक आयोजनों की भी खास धूम रहती है. कांवरिया पथ पर हर दिन कई मंचों पर भजन, जागरण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं.इसी को देखते हुए विभिन्न शिविर संचालक अभी से कलाकारों की बुकिंग में जुट गए हैं. बताया जाता है कि मेला के दौरान प्रतिदिन करीब 100 स्टेज शो आयोजित किए जाते हैं, जहां गायक और कलाकार अपनी प्रस्तुति देते हैं.

प्रशासनिक तैयारी अभी धीमी

हालांकि भागलपुर और देवघर में जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं, लेकिन बांका जिले के कांवरिया मार्ग पर अब तक विशेष कार्य शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों में चिंता भी देखी जा रही है.लोगों का कहना है कि हर साल लाखों श्रद्धालु इस मार्ग से गुजरते हैं, इसलिए सड़क, पेयजल, रोशनी और सुरक्षा जैसी व्यवस्थाओं पर जल्द काम शुरू होना चाहिए.

सावन में चार सोमवारी व्रत

इस वर्ष सावन माह में चार सोमवारी व्रत पड़ेंगे.

03 अगस्त को पहला सोमवारी व्रत.

10 अगस्त को दूसरा सोमवारी व्रत.

17 अगस्त को तीसरा सोमवारी व्रत.

24 अगस्त को चौथा सोमवारी व्रत.धार्मिक मान्यता के अनुसार, सावन माह भगवान शिव को समर्पित होता है और इस दौरान पूजा-अर्चना करने से सुख-समृद्धि, मानसिक शांति और मनोकामनाओं की पूर्ति होती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AMIT KUMAR SINH

AMIT KUMAR SINH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >