सात अभियुक्तों के घर कुर्की की कार्रवाई, एक ने कोर्ट में किया सरेंडर
Banka Police Action: बांका पुलिस के कुर्की महाअभियान का असर दिखने लगा है. पुलिस जैसे ही एक अभियुक्त के घर कुर्की की कार्रवाई करने पहुंची, वह सीधे कोर्ट पहुंचकर सरेंडर कर गया. जिले में फरार अभियुक्तों के खिलाफ अभियान लगातार तेज किया जा रहा है.
बांका से चंदन कुमार की रिपोर्ट
Banka News : पुलिस मुख्यालय और बांका पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सदर थाना पुलिस ने फरार अभियुक्तों के खिलाफ विशेष कुर्की महाअभियान चलाया. अभियान के दौरान सात मामलों में कुर्की की कार्रवाई की गई. पुलिस की सख्ती का असर यह रहा कि एक अभियुक्त ने कार्रवाई की सूचना मिलते ही बांका कोर्ट में आत्मसमर्पण कर दिया.
सात मामलों में हुई कुर्की की कार्रवाई
सदर थानाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि वरीय अधिकारियों के निर्देश और न्यायालय के आदेश के आलोक में थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर कुर्की अभियान चलाया गया. इस दौरान फरार अभियुक्तों के घर पहुंचकर विधिसम्मत कार्रवाई की गई.पुलिस ने मजलिसपुर निवासी दीपक कुमार, विषहरा गांव निवासी अनुपलाल यादव, बाबूटोला निवासी उमा देवी, धनिया घाट निवासी शंकर शाह, नजीर मियां उर्फ भोला मियां तथा कटेली निवासी पिंटू यादव समेत कुल सात मामलों में कुर्की की प्रक्रिया पूरी की.
कुर्की की सूचना मिलते ही कोर्ट में किया सरेंडर
पुलिस के अनुसार विषहरा गांव निवासी अनुपलाल यादव ने अपने घर पर कुर्की की कार्रवाई की सूचना मिलते ही बांका न्यायालय पहुंचकर आत्मसमर्पण कर दिया. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार अभियुक्तों पर लगातार दबाव बनाए जाने के कारण ऐसे मामलों में सरेंडर की संख्या बढ़ रही है.
फरार अभियुक्तों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
सदर थाना पुलिस ने स्पष्ट किया है कि न्यायालय से जारी वारंट और कुर्की आदेश वाले मामलों में कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने और न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है.
पुलिस की सख्ती से बढ़ा दबाव
हाल के दिनों में बांका पुलिस द्वारा वारंटियों और फरार अभियुक्तों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है. कुर्की, गिरफ्तारी और छापेमारी अभियान के कारण कई अभियुक्त या तो गिरफ्तार हो रहे हैं या फिर न्यायालय में आत्मसमर्पण कर रहे हैं.पुलिस अधिकारियों ने कहा कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले आरोपियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.