बौंसी. बौंसी थाना क्षेत्र के कैरी पंचायत अंतर्गत मरसा गांव से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है, जहां देर रात अचानक लगी भीषण आग ने एक गरीब परिवार का आशियाना पल भर में उजाड़ दिया. इस हादसे में घर में रखा अनाज, कपड़े और नकदी समेत लगभग सारी संपत्ति जलकर राख हो गयी, जिससे पीड़ित परिवार के सामने अब भोजन और रहने तक का गंभीर संकट खड़ा हो गया है. जानकारी के अनुसार, मरसा गांव निवासी बोनो देवी, पति नरेश पासवान ने थाना प्रभारी को दिए आवेदन में बताया कि 15 मार्च की रात करीब 12 बजे उनके घर में अचानक आग लग गयी. आग इतनी तेजी से फैल गयी कि जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते और आग बुझाने का प्रयास करते, तब तक पूरा घर और उसमें रखा सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका था. पीड़िता के अनुसार, इस अगलगी की घटना में घर में रखा लगभग 50 किलो गेहूं, करीब 50 किलो चावल और अन्य अनाज, परिवार के सभी कपड़े तथा करीब पांच हजार रुपये नकद जलकर राख हो गये. आग की लपटों ने देखते ही देखते उनके पूरे आशियाने को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे परिवार अब खुले आसमान के नीचे जीवन बिताने को मजबूर हो गया है. घटना के बाद पीड़ित परिवार बेहद परेशान और असहाय स्थिति में है. घटना की जानकारी मिलते ही गांव के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी. स्थानीय ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द राहत सामग्री और आर्थिक सहायता दी जाए, ताकि वे इस संकट की घड़ी से उबर सकें.
घर में लगी भीषण आग, पल भर में उजड़ गया गरीब परिवार का आशियाना
बौंसी थाना क्षेत्र के कैरी पंचायत अंतर्गत मरसा गांव से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी है.

घर में लगी भीषण आग, पल भर में उजड़ गया गरीब परिवार का आशियाना