शिवलिंग की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर निकाली गयी भव्य शोभायात्रा

प्रखंड क्षेत्र के बल्लीकित्ता गांव में नवनिर्मित मंदिर में श्रीश्री 108 नर्मदेश्वर शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ को लेकर गुरुवार की सुबह भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गयी

अमरपुर. प्रखंड क्षेत्र के बल्लीकित्ता गांव में नवनिर्मित मंदिर में श्रीश्री 108 नर्मदेश्वर शिवलिंग प्राण प्रतिष्ठा यज्ञ को लेकर गुरुवार की सुबह भव्य कलश शोभायात्रा निकाली गयी. शोभायात्रा में बल्लीकित्ता, रामचंद्रपुर (इटहरी), चोरवैय, बैदाडीह आदि गांव से 1151 महिलाएं व कन्याओं ने बढ़चढ़ कर हिस्सा लिया. मंदिर परिसर से निकली यह शोभायात्रा शोभानपुर, इंगलिश मोड़, कठैल, मादाचक होते हुए क्षेत्र के सुप्रसिद्ध बाबा ज्यैष्ठगौरनाथ महादेव मंदिर के समीप चांदन नदी पहुंची. यहां विद्वान पंडितों ने वैदिक मंत्रोचार के साथ कलश में जल भराई अनुष्ठान को पुर्ण किया. जिसके बाद महिलाएं व युवतियों की टोली अपने सिर पर कलश रखकर पुनः उसी मार्ग से होते हुए बल्लीकित्ता गांव के नवनिर्मित मंदिर परिसर पहुंचीं. मौके पर यज्ञ समिति के सदस्यों ने बताया कि शुक्रवार को प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम के साथ गुरुधाम विद्यापीठ के पांच विद्वान आचार्यों द्वारा अखंड संकीर्तन सह विशाल भंडारा का आयोजन होगा. शोभायात्रा में यजमान के रूप में ओमप्रकाश कापरी, मंगल मंडल, सिकंदर मंडल अपनी-अपनी पत्नी के साथ मौजूद थे. शोभायात्रा के दौरान छोटे-छोटे कलाकारों के द्वारा विभिन्न देवी देवताओं का वेश धारण कर रथ पर सवार थे, जो आकर्षण का केंद्र बना रहा. शोभा यात्रा के दौरान पूरा वातावरण भक्ति मय हो गया. शोभा यात्रा में पंसस आशा देवी, सरपंच दिलीप ठाकुर, भैरव कापरी, अमर कुमार अमर, पिंटू मांझी, गोपाल कृष्ण बगवैय, राहुल कापरी, अविनाश कुमार समेत अन्य ग्रामीण शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: SHUBHASH BAIDYA

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >