राष्ट्रपति के आगमन की तैयारी
बौंसी : गुरुधाम आश्रम में 3 अप्रैल को राष्ट्रपति डा. प्रणव मुखर्जी का आगमन होगा. इसको लेकर सोमवार को आश्रम के सदस्यों ने एक बैठक कर उनके आगमन की तैयारियों पर विचार विमर्श किया. बैठक में मौजूद आश्रम के सचिव ऋषिकेष पांडेय, शिव अग्रवाल, गणेश केडिया, गिरधर सर्राफ, ब्रजेश चंद्र मिश्र, गंगाधर मिश्र, राजकुमार झा, श्याम कुमार सिंह ने आश्रम में चल रही विभिन्न तैयारियों का जायजा लिया. मालूम हो कि राष्ट्रपति के आगमन को लेकर आश्रम को भव्य तरीके से सजाया जा रहा है.
गुरुभाईयों द्वारा राष्ट्रपति का भव्य स्वागत किया जायेगा. साथ ही आश्रम परिसर में ही राष्ट्रपति के लिए विशेष रुप से एक विशेष कक्ष को भी आधुनिक तरीके से तैयार किया जा रहा है. जिस कक्ष की रंगाई पुताई कार्य को पूरा कर लिया गया है. इस कक्ष में सभी तरह के आधुनिक सुविधाएं व आरामदायक फर्नीचर लगाये जाने की सूचना है. वहीं पूरे आश्रम परिसर में ग्रीन कारपेट बिछाया जायेगा. साथ ही लाइटिंग व अन्य साज सज्जा का कार्य भी किया जा रहा है. उधर सोमवार को स्थानीय सीओ ने आश्रम का दौरा कर वहां के सदस्यों से मिलकर सभी तरह की तैयारियों आदि पर विस्तार से विचार विमर्श भी किया.
