छह राज्यों में बैंक लूटकांड को दे चुका है अंजाम
बांका/कटोरिया : बैंक लूटकांड के मास्टर माइंड सह छह राज्यों के वांछित मोस्ट वांटेड बैंक लुटेरा नसीम खान आखिरकार बांका एसआइटी टीम के हत्थे चढ़ ही गया. बस लूटकांड को अंजाम देकर अपराध की दुनिया में कदम रखने वाले नसीम खान ने बीस सालों के दौरान करीब तीन दर्जन बैंक लूटकांडों को अंजाम दिया. इस क्रम में वह सिर्फ एक बार कोलकाता पुलिस के हत्थे चढ़ा.
फिर जब वह जेल से निकला, तो कई स्टेट पुलिस की आंखों में धूल झोंक कर लगातार बैंक लूट की वारदातों को अंजाम देता रहा. उसने बिहार, झारखंड, उड़ीसा, पिम बंगाल, मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ में बैंक लूट की घटनाओं को अंजाम दिया. लेकिन बांका जिला में बैंक लूट की घटना को अंजाम देना ही उसे महंगा पड़ गया. 14 जून 2016 में कटेली मोड़ स्थित केनरा बैंक में लूटकांड को अंजाम देने के बाद से ही नसीम खान पुलिस के रडार पर आ गया था. उक्त बैंक लूटकांड के उद्भेदन में नसीम खान एसआइटी टीम के हाथों फंसते-फंसते बच गया था. लेकिन इस बार एसपी राजीव रंजन द्वारा गठित टीम ने उसे दबोचने में कामयाबी हासिल कर ही ली.
50 हजार रुपये था इनाम
मास्टर माइंड नसीम खान की गिरफ्तारी पर झारखंड सरकार ने पचास हजार रूपये का ईनाम रखा था. नसीम ने सबसे बड़ी बैंक लूटकांड को पिम बंगाल के पुरूलिया में अंजाम दिया था. उसने एसबीआइ ब्रांच से करीब 86 लाख रूपये की लूट की थी. बांका एसआइटी के हत्थे चढ़े नसीम खान से चार राज्यों की दर्जनों थाना की पुलिस पूछताछ कर रही है.
करोड़ों की संपत्ति अर्जित
बैंक लूटकांड के मास्टर माइंड नसीम खान मूलत: झारखंड के हजारीबाग जिला के बरही का रहने वाला है. लगभग तीन दर्जन बैंक लूटकांड से इसने करोड़ों की संपत्ति अर्जित कर कई महानगरों में फ्लैट व लग्जरी गाडि़यां भी खरीदी. इंटर पास की शैक्षणिक योग्यता रखने वाले मोस्ट वांटेड नसीम खान को सिर्फ एक बार कोलकाता की सीआइडी टीम ही पकड़ पायी थी. इसने गुड़गांव, हुगली, कोलकाता आदि में फ्लैट रखे हैं. एक पत्नी को गुड़गांव, तो दूसरी को रांची के मुंडु में रखता है.
पहले रेकी, फिर लूट
किसी भी बैंक को लूटने से पहले मास्टर माइंड नसीम खान अच्छी तरह से रेकी करता था. जेल के भीतर से वह बैंक लूट की पूरी रणनीति बना लेता था. निशाने पर रहे बैंक के अलावा पहुंचने व भागने के रूट की भी रेकी व गहन जानकारी इकट्ठा करने के बाद ही लूटकांड को मूर्तरूप देता था. हर बार नये-नये गिरोह तैयार करने में माहिर नसीम खान जिस भी बैंक को लूटता था, वहां के लोकल अपराधी का वह साथ जरूर लेता है.
एसआइटी टीम की हो रही है चौतरफा सराहना
चांदन एसबीआइ में गत 17 फरवरी को बैंक खुलने के साथ ही लगभग 39 लाख रुपये लूट लेने वाले गिरोह के मास्टर माइंड समेत दो लोगों को दबोच लेने पर एसआइटी टीम की क्षेत्र में चौतरफा सराहना हो रही है.
क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों, बुद्धिजीवियों व आम नागरिकों ने इसके लिए एसपी राजीव रंजन को बधाई दी है. एसआइटी टीम का नेतृत्व एसडीपीओ शशिशंकर कर रहे थे. जिसमें कटोरिया थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार भारती, सूइया थानाध्यक्ष राजकपूर कुशवाहा, बौंसी थानाध्यक्ष परीक्षित पासवान, चांदन थानाध्यक्ष राजवर्द्धन कुमार व अमरपुर थानाध्यक्ष अजीत कुमार शामिल थे.
