हाहाकार. िजले में नहीं मिल रहा है डीजल अनुदान, प्रशासन दे रहा अश्वासन
बांका में अब तक डीजल अनुदान नहीं मिलने से किसानों के सामने रोपनी की समस्या उत्पन्न हो गयी है. किसान कर्ज लेकर अपनी खेती करने को मजबूर है लेकिन उनको कर्ज भी नहीं मिल रहा है. जिससे उनका खेत यू ही बंजर पड़ा हुआ है और बिहन खेत में सुख रहे है. जिन किसानों को महाजन के पास से सूद पर पैसे मिले है वो किसी तरह से अपनी खेती कर पा रहे है.
बांका : बिहार सरकार के द्वारा इस जिले को डीजल अनुदान की राशि उपलब्ध कराने के बाद भी विभाग के द्वारा किसानों को अनुदान नहीं दिया जा रहा है.
कृषि पदाधिकारी के अनुसार अनुदान की राशि प्रखंड कार्यालय में भेज दी गयी है लेकिन अब तक प्रखंड कार्यालय में किसानों की सूची नहीं रहने की वजह से किसानों को अनुदान का पैसा नहीं दिया जा रहा है. प्रखंड में भी सूची नहीं आने के पीछे अधिकारियों का कहना है कि श्रावणी मेले में कर्मियों के व्यस्त रहने की वजह से सूची अब तक नहीं आ पायी है.
एक कुएं से कई किसान कर रहे सिंचाई
महाजन से पैसे लेने के बाद किसान किसी तरह से अपने खेतों तक पानी पहुंचाना चाह रहे है. वर्षा नहीं होने की वजह से जहां तालाब और नदी सुख चुकी है वहीं पानी का जल स्तर भी नीचे चला गया है. ऐसे में किसानों के समक्ष सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराना काफी कठिन हो गया है. अपने खेतों में पानी पहुंचाने के लिए किसान एक एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित कुएं से पाईप लगाकर पानी ला रहे है. जिसकी वजह से एक कुएं से कई किसान पानी ले रहे है.
कहते हैं अधिकारी
जल्द से जल्द किसानों के बीच डीजल अनुदान की राशि मुहैया करायी जायेगी. कर्मी लगे हुए है. एक सप्ताह के अंदर किसानों के बीच अनुदान मुहैया करा दिया जायेगा.
कृषि पदाधिकारी, बांका
