सर्दी-खांसी के उपचार के दौरान दो सुई लगाते ही बिगड़ी थी युवक की तबीयत
शव को सड़क पर रखकर ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन, डॉक्टर की गिरफ्तारी की मांग
बेलहर. जिलेबिया मोड़ थाना क्षेत्र के महेशा गांव के एक युवक को मंगलवार की संध्या ग्रामीण चिकित्सक के द्वारा सुई लगाने के बाद हुई मृत्यु मामले में युवक के पिता ने थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है. महेशा गांव के रतन कुमार राणा ने अपने लिखित बयान में बताया है कि वे अपने पुत्र संतोष कुमार के सामान्य सर्दी-खांसी के इलाज के लिए जिलेबिया मोड़ स्थित डॉ. अजमत अंसारी के क्लीनिक ले गए थे. वहां डॉक्टर अजमत अंसारी व उसकी पुत्री के द्वारा पुत्र को इलाज के क्रम में दो सुई लगाई गयी. सुई लगाने के तुरंत बाद संतोष की तबीयत अचानक बिगड़ गयी. इसके बाद आनन-फानन में पिता अपने पुत्र को बेलहर सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. पीड़ित पिता का आरोप है कि उनके पुत्र की मृत्यु डॉक्टर अजमत अंसारी तथा उसकी बेटी की घोर लापरवाही के कारण हुई है. उन्होंने पुलिस से इस संबंध में जांच कर उचित कानूनी कार्रवाई की मांग की है. उल्लेखनीय है कि मंगलवार को युवक की मृत्यु के बाद आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर काफी देर तक विरोध प्रदर्शन किया था. प्रदर्शनकारी डॉक्टर की अविलंब गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. इसके बाद स्थानीय पुलिस के द्वारा मौके पर पहुंचकर काफी समझाने-बुझाने के बाद सड़क जाम को खत्म कराया गया था. फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गयी है.
