जयपुर : जयपुर ओपी क्षेत्र के जोरलीकुरूम गांव में मुख्यमंत्री तसर विकास परियोजना के तहत किये गये अर्जुन के पौधरोपण से करीब पांच सौ पेड़ को शुक्रवार रात असामाजिक तत्वों ने कुल्हाड़ी से काट दिया. करीब तीन वर्षों पूर्व ही तसर किसानों ने रेशम कीट पालन के लिए 36 हजार अर्जुन का पौधा लगाया था.
तसर किसानों ने बताया कि अगले साल से इन पेड़ों पर तसर कीट पालन का कार्य शुरू होता, लेकिन असामाजिक तत्वों ने दुश्मनी के कारण करीब पांच सौ पेड़ों को उजाड़ दिया. घटना से तसर किसान अनिल हेंब्रम, संतलाल, देवान हेंब्रम, लक्ष्मी यादव, बालदेव यादव, बिहारी यादव, सुलोचन यादव आदि काफी आहत हैं. रेशम मित्र संतोष सिंह, सचिव अभिमन्यु सिंह आदि ने जोरलीकुरूम पहुंच कर घटना की जानकारी ली.
