कटोरिया : आज शिक्षा ने व्यवसाय का रूप ले लिया है. इससे देश का भला नहीं होने वाला है. शिक्षा के स्तर में जो गिरावट आयी है, वह काफी सोचनीय एवं विचारनीय है. उक्त बातें सोमवार को पूर्व विधायक सोनेलाल हेंब्रम ने कठौन पंचायत के राजाबथान गांव में ज्ञान कुटीर केंद्र शिक्षण संस्थान के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कही. उन्होंने इस संस्थान को हर संभव सहयोग का भरोसा देते हुए शीघ्र एक चापाकल लगाने का आश्वासन भी दिया.
पूर्व पंसस बासुदेव पंडित ने कहा कि इस शिक्षण संस्थान के बच्चे आइएएस व आइपीएस भी बनें, यही हमारी कामना है. संस्थान के निदेशक संजीव कुमार चौधरी ने कहा कि उन्होंने व्यवसाय की बजाय सेवा भाव से बच्चों को शिक्षित करने का बीड़ा उठाया है. उन्होंने उपस्थित लोगों का ध्यान पेयजल व बिजली संकट की ओर भी आकृष्ट कराया.
इससे पहले पूर्व विधायक सोनेलाल हेंब्रम व पूर्व पंसस बासुदेव पंडित ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर शिक्षण संस्थान का विधिवत उद्घाटन किया. इस मौके पर संजीव चौधरी, सुनील यादव, मो सिराजुल आदि मौजूद थे.
