चांदन पुल के टोल टैक्स में दोगुनी वृद्धि के विरोध में गोलबंद हुए ऑटो चालक
बांका ढाकामोड़ पथ पर ऑटो चालकों ने बुधवार को बंद रखा परिचालन
बांका : बैरियर शुल्क में अचानक दोगुनी वृद्धि कर दिये जाने पर बुधवार को शहर के ऑटो चालकों ने बांका – ढाकामोड़ मार्ग पर पूरे दिन विरोध जताते हुए अपने वाहन का परिचालन ठप रखा. पिछले कई सालों से चांदन नदी पर बने पुल के टैक्स की वसूली सुराकोल गांव के समीप बैरियर लगा कर किया जाता है. लेकिन पिछले कई माह से वसूली कार्य बंद था. जिससे वाहन चालक को थोड़ी राहत मिली थी. वहीं बुधवार से अचानक बैरियर पर वसूली होने लगी.
जहां पहले लिये जाने वाले टैक्स में दोगुनी वृद्धि कर 10 रुपये की जगह उनसे 20 रुपये की वसूली की जाने लगी. इसी बात पर ऑटो चालक भड़क गये और इसका विरोध करते हुए पूरे दिन बांका से ढाकामोड़ की ओर जाने वाले सभी ऑटो को बंद कर दिया. इसे लेकर बांका से ढाकामोड़ व ढाकामोड़ से बांका की ओर जाने वाले यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा. इस संबंध में ऑटो चालक मो. इयाज, मो हसनैन, मो कयूम, विकास यादव, संतोष कुमार आदि ने बताया कि 20 रुपये जाने व 20 रुपये लौटते समय बैरियर पर देना पड़ता है. इसके अलावा नगरपालिका शुल्क 20, पार्किंग 10, स्टैंड कमीशन 20 रुपये देना पड़ा है. जबकि इसके पहले शुल्क कम वसूला जा रहा है. इस बात को लेकर दर्जनों ऑटो चालक ने संबंधित पदाधिकारी को आवेदन देकर शुल्क घटाने की मांग की है.
