कटोरिया : प्रखंड के भिठवा-मालबथान गांव से शनिवार की सुबह ही बहन शोभा की डोली उठी थी. उसके ठीक अगले दिन रविवार को भाई राजू ठाकुर की अरथी उठने से परिजनों व रिश्तेदारों में मातम है. राजू की पत्नी आशा देवी, पुत्र छोटु कुमार, मिथुन कुमार, पुत्री पार्वती कुमारी, मां बिजली देवी, पिता महेश ठाकुर आदि का रो-रोकर बुरा हाल है.
जानकारी के अनुसार भिठवा गांव में शुक्रवार को राजू की बहन शोभा देवी की शादी धूमधाम हुई. शनिवार की सुबह शोभा की डोली विदा की गयी थी. इधर रविवार की सुबह राजू अपने एक अन्य साथी के साथ बहनोई विजय ठाकुर को मोटरसाइकिल द्वारा बरगुनियां गांव पहुंचाने जा रहा था. सतलेटवा मोड़ पर बाइक दुर्घटना में राजू की मौत हो गयी. बहनोई विजय ठाकुर का दाहिना हाथ टूट गया. शरीर के अन्य हिस्सों में भी गंभीर चोट लगी है.
