पंचायत चुनाव. अमरपुर के गोपालपुर बूथ पर उग्र हुए प्रत्याशी समर्थक
अमरपुर प्रखंड के गोपालपुर बूथ पर बूथ से दूर हटाने पर ग्रामीण उग्र हो गये. कुछ प्रत्याशी समर्थकों ने पुलिस पर पथराव कर दिया. जबाब में एसटीएफ के जवानों ने करीब एक दर्जन चक्र हवाई फायरिंग की.
अमरपुर(बांका) : अमरपुर प्रखंड के प्रोन्नत मध्य विद्यालय गोपालपुर स्थित बूथों पर कुछ प्रत्याशी समर्थकों द्वारा वहां प्रतिनियुक्त सुरक्षा कर्मियों पर पथराव किये जाने के बाद स्थिति काफी तनाव पूर्ण हो गयी. घटना को लेकर बूथ पर तैनात कर्मियों द्वारा नियंत्रण कक्ष एवं वरीय अधिकारियों को त्राहिमाम संदेश भेजा गया.
संदेश पाते ही वरीय अधिकारियों के निर्देश पर एसटीएफ के दर्जनों जवान वहां पहुंचे और स्थिति को संभाला. स्थिति को संभालने में एसटीएफ जवानों को बल प्रयोग भी करना पड़ा. फिर भी नहीं मानने पर जवानों ने हवाई फायरिंग की. इसके बाद भीड़ तितर – बितर हुई. एसटीएफ जवानों ने करीब एक दर्जन चक्र फायरिंग की.
घटना दोपहर बाद करीब दो ढ़ाई बजे के बीच की है. जानकारी के अनुसार गोपालपुर में तीन बूथ संख्या 125, 126 तथा 127 हैं. इन बूथों पर कई प्रत्याशियों के समर्थक मतदान केंद्र के एकदम नजदीक पहुंचकर मतदान को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे थे. मौके पर तैनात सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें मतदान केंद्रों से 200 मीटर की दूरी बना कर रखने को कहते हुए उन्हें वहां से हटाने की कोशिश की. इस पर भीड़ उग्र हो गयी और पुलिस से नोक –
झोंक करते हुए उनपर पथराव शुरू कर दिया. इस घटना से मतदान केंद्रों पर अफरा – तफरी मच गयी. तभी किसी मतदान कर्मी ने इसकी सूचना जिला प्रशासन एवं नियंत्रण कक्ष को दी. जिला प्रशासन के निर्देश पर एसटीएफ के जवान वहां पहुंचे और बलपूर्वक स्थिति को संभाला. बाद में वरीय पदाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति की समीक्षा की.
