करंट. अस्पताल व क्वार्टर के इलेक्ट्रॉनिक सामान क्षतिग्रस्त
कटोरिया : कटोरिया बाजार के थाना से आगे लगे ट्रांसफॉर्मर में बुधवार की सुबह अचानक हाई वोल्टेज आ जाने से रेफरल अस्पताल के अलावा चिकित्सक व एएनएम क्वार्टरों के इलेक्ट्रॉनिक सामान जल गये. थाना से आगे डांड़ी पर मुहल्ला के दर्जनों घरों के भी पंखा, फ्रीज, बल्व, मोबाइल, चेंजर, बोर्ड आदि जल गये.
इस घटना में लोगों को लाखों रुपये की क्षति झेलनी पड़ी. प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह सात बज कर चालीस मिनट पर अचानक हाई वोल्टेज आ जाने से रेफरल अस्पताल परिसर में लगे चौदह पंखे, चार सीएफएल बल्व, चेंजर आदि धमाकेदार आवाज के साथ जल गये.
इस दौरान अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए अफरातफरी मच गयी. अस्पताल में ड्यूटी पर काम कर रहे चिकित्सक, एएनएम एवं वार्ड में भर्ती मरीज सभी बाहर खुली जगह पर आ गये. थाना से आगे रेंज ऑफिस के ईद-गिर्द डांड़ी पर मुहल्ला के दर्जनों घरों में भी इस घटना के दौरान पंखा, बल्व, इलेक्ट्रॉनिक मीटर, बोर्ड, मोबाइल आदि जलने की खबर है. घटना के बाद कुछ देर के लिए विद्युत आपूर्ति भी ठप हुई थी. लोगों में चर्चा है कि घटना के समय ट्रांसफॉर्मर पर एक कौआ के हाई वोल्टेज तार के संपर्क में आने के बाद यह घटना घटी.
