इंटर साइंस . रिजल्ट से कटोरिया व आसपास के छात्रों में कहीं खुशी, कहीं गम का माहौल
इंटर साइंस के रिजल्ट से कटोरिया एवं आसपास के परीक्षार्थियों में कहीं खुशी तो कहीं गम का माहौल है. चांदन बाजार के मनोज वर्णवाल व कुसुम देवी के पुत्र अनुपम कुमार एसएसपी यादव इंटर कॉलेज कटोरिया का टॉपर रहा. उसने 375 अंक प्राप्त किये हैं. अनुपम ने बताया कि वह प्रतियोगिता परीक्षा की तैयारी कर रहा है. उसने आइएएस बनने का लक्ष्य रखा है.
कटोरिया : कटोरिया बाजार के थाना रोड निवासी कपड़ा व्यवसायी विश्वनाथ साह व स्व भाग्यवती देवी के पुत्र प्रेमदीप कुमार ने 367 अंक प्राप्त किया है. प्रेमदीप इंजीनियर बनना चाहता है. कटोरिया के छात्र रवींद्र वर्णवाल व सुनीता कुमारी के पुत्र मनोरंजन कुमार राजा ने 336 अंक प्राप्त किये हैं.
उसने भी आइएएस बनने का सपना संजोया है. हड़हार पंचायत के डुमरडीहा गांव निवासी घोल्टन दास व शकुंतला देवी के पुत्र सह इंटरस्तरीय उच्च विद्यालय कटोरिया के छात्र अजय कुमार ने 328 अंक प्राप्त किये हैं. आइएएस बनने का लक्ष्य रख कर उसने पटना में कोचिंग करना भी शुरू कर दिया है. कटोरिया बाजार के कंचनगली मुहल्ला निवासी विनोद साह व मंजू देवी के पुत्र गुलशन कुमार ने 330 अंक प्राप्त किये हैं.
गुलशन ने भी आइएएस बनने का लक्ष्य रखा है. थाना रोड निवासी मदन साह व मीरा देवी के नाती सूरज कुमार गुप्ता ने 329 अंक प्राप्त किया है. सूरज इंजीनियर बनना चाहता है. घघरीजोर गांव के स्व सुनील मंडल व वीणा देवी के पुत्र सोहित कुमार ने भी आइएससी की परीक्षा प्रथम श्रेणी से पास किया है. उसने 306 अंक प्राप्त किया है. सोहित सिविल सर्विसेज की परीक्षा पास करना चाहता है. दुल्लीसार गांव के प्रदीप वर्णवाल व देवंती देवी की पुत्री प्रिया कुमारी ने 312 एवं दर्वेपट्टी गांव के संजय सिंहा व रंजना सिंहा की पुत्री वर्षा रानी ने 305 अंक प्राप्त किये हैं. इसके अलावा कड़ी मेहनत के बावजूद द्वितीय श्रेणी प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं में काफी मायूसी छायी हुई है. इसमें श्वेता कुमारी 282, मो आसीफ अली 285, नेहा प्रिया 256, नंदनी कुमारी 228, मोनिका कुमारी 282, प्रीति भारती 259 नंबर प्राप्त कर द्वितीय श्रेणी पर रहे. इन छात्र-छात्राओं के चेहरे पर रिजल्ट के बाद उदासी छायी रही.
कैफे में रहा सन्नाटा मोबाइल पर देखा रिजल्ट
इंटर ऑफ साइंस का रिजल्ट जानने को लेकर अधिकांश छात्र-छात्राओं ने अपने-अपने मोबाइल को ही सर्च किया. जबकि साइबर कैफे में सन्नाटा का माहौल दिखा. कैफे में काफी कम संख्या में छात्र-छात्राओं की आवाजाही दिखी. चूंकि स्मार्टफोन के बढ़ते क्रेज के कारण परीक्षार्थियों को अपने घर में ही रिजल्ट देख पाने में सहूलियत महसूस हुई.
जांच परीक्षा 11 से
चांदन. प्रोजेक्ट कन्या इंटर स्तरीय उच्च विद्यालय में आगामी 11 मई से कला एवं विज्ञान संकाय की जांच परीक्षा आयोजित होगी. इस आशय की जानकारी प्रधानाध्यापिका सुमन सिंह ने दी.
विद्यालय का ताला तोड़ा
चांदन थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय पारडीह में बीते रात विद्यालय के गेट एवं अंदर गोदरेज का ताला तोड़ कर अज्ञात चोरों ने विभिन्न कागजातों की चोरी कर ली. घटना के संबंध में प्रधानाध्यापिका सविता कुमारी ने थाना में लिखित आवेदन दिया है. जिसमें दो पासबुक, चेक बुक, कैश बुक आदि कागजातों की अज्ञात चोरों द्वारा चोरी कर लेने की बात बतायी गयी है.
