तूफान से तबाही, 50 लाख का नुकसान

आपदा . कटोरिया-देवघर मार्ग पर पांच लाइन होटल ध्वस्त कटोरिया क्षेत्र में बुधवार की देर शाम आयी प्रलयंकारी चक्रवाती तूफान ने भारी तबाही मचायी है. देवासी से लेकर तुर्की मोड़ तक पश्चिम की दिशा से पूरब की ओर तेज रफ्तार से गुजरे चक्रवाती तूफान से लगभग पचास लाख से भी अधिक का नुकसान होने का […]

आपदा . कटोरिया-देवघर मार्ग पर पांच लाइन होटल ध्वस्त

कटोरिया क्षेत्र में बुधवार की देर शाम आयी प्रलयंकारी चक्रवाती तूफान ने भारी तबाही मचायी है. देवासी से लेकर तुर्की मोड़ तक पश्चिम की दिशा से पूरब की ओर तेज रफ्तार से गुजरे चक्रवाती तूफान से लगभग पचास लाख से भी अधिक का नुकसान होने का अनुमान है.
कटोरिया : कटोरिया क्षेत्र में चक्रवाती तूफान से देवासी से लेकर तुर्की मोड़ तक पश्चिम की दिशा से पूरब की ओर तेज रफ्तार से गुजरे चक्रवाती तूफान से लगभग पचास लाख से भी अधिक का नुकसान होने का अनुमान है. तूफान से करीब दो सौ से भी अधिक संख्या में महुआ, शीशम, सखुआ, बबूल आदि के पेड़ धराशायी हुए हैं. कटोरिया-देवघर मार्ग पर देवासी, राणीशति, लक्ष्मणझूला व इनारावरण में स्थित पांच लाईन होटलों में तूफान ने सबसे अधिक तबाही मचायी है. तूफान के दौरान लाइन होटलों में शरण लेने वाले करीब आधा दर्जन लोग घायल हुए हैं, एक को गंभीर हालत में देवघर भी रेफर किया गया है.
लगभग एक दर्जन मोटरसाइकिल, टीवी, सीडी, फ्रीज, जेनरेटर, थ्रेसर आदि क्षतिग्रस्त हुए हैं. लाइन होटलों के छप्पर में लगा चदरा तूफान से करीब पचास फीट उंचा पेड़ पर फंसा हुआ है. चक्रवाती तूफान ने आम की फसल को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है. इससे आम किसानों व कारोबारियों की कमर ही टूट गयी है.
कई गरीबों की झोपडि़यों को भी तूफान ने उजाड़ दिये हैं. कटोरिया-देवघर मार्ग पर लक्ष्मणझूला के निकट दिलीप यादव के लाइन होटल हनुमान ढाबा में तूफान से लगभग चार लाख से भी अधिक की संपत्ति की क्षति हुई है. होटल परिसर में खड़ी एक कार, तीन मोटरसाइकिल, टीवी, फ्रीज, जेनरेटर, पंखा आदि क्षतिग्रस्त हुए हैं. तूफान के दौरान दबने से शंकर यादव ग्राम सिमुलतला, भुवनेश्वर यादव ग्राम करडा, कौशल कुमार ग्राम करडा आदि जख्मी भी हुए. एक अन्य जख्मी चालक को गंभीर हालत में बेहतर उपचार हेतु देवघर ले जाया गया है. बगल के पवन यादव के लाइन होटल में तूफान से छप्पर उजड़ गया. लगभग एक लाख से अधिक की संपत्ति का नुकसान भी हुआ. राणीशति स्थित दीपनारायण यादव के लाइन होटल भी तूफान से पूरी तरह से ध्वस्त हो गया. होटल का कुर्सी, टेबुल, बर्तन, साइकिल, जेनरेटर, थ्रेसर, गैस चूल्हा आदि क्षतिग्रस्त हो गया.
यहां भी खड़ी तीन मोटरसाइकिल को नुकसान पहुंचा है. होटल मालिक के अनुसार उसे लगभग एक लाख से अधिक की संपत्ति की क्षति पहुंची है. इधर इनारावरण मोड़ स्थित लालधारी यादव के लाइन होटल त्रिशूलधारी भी तूफान से ध्वस्त हो गया. देवासी स्थित सत्तन यादव के लाइन होटल का चदरा भी तूफान ने उजाड़ दिया है.
देवासी पंचायत के कांवरिया पथ में हथगढ़ स्थित मदर्स प्राइड इंग्लिश आवासीय स्कूल परिसर की चहारदिवारी भी तूफान से धराशायी हो गयी. तूफान पीडि़त लोगों ने अंचलाधिकारी से आपदा राहत कोष से शीघ्र मुआवजा राशि देने की मांग की है. अंचलाधिकारी विजय कुमार गुप्ता ने कहा कि कर्मचारी से तूफान से हुए नुकसान की जांच कराने के बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी.
जंगल में दो सौ से भी अधिक पेड़ हुए धराशायी
विद्युत आपूर्ति ध्वस्त जलापूर्ति भी बाधित
कटोरिया क्षेत्र में चक्रवाती तूफान के बाद से विद्युत आपूर्ति पूरी तरह से ध्वस्त हो गयी है. कई जगहों पर बिजली के तार पर पेड़ गिरने से तार व पोल टूट गये हैं. भैरोगंज के बारणे गांव में ट्रांसफार्मर भी पोल से गिर गया है. बिजली संकट के कारण गुरूवार की सुबह कटोरिया बाजार में वाटर सप्लाई भी कुछ मिनटों के बाद ठप हो गयी. स्थानीय लोगों को एक साथ बिजली व पेयजल संकट से जूझना पड़ रहा है.
सांसद ने सहायता मुहैया कराने का दिया निर्देश
कटोरिया क्षेत्र में चक्रवाती तूफान से मची तबाही पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बांका सांसद जयप्रकाश नारायण यादव ने कहा कि उन्होंने इस संबंध में डीएम से बात की है.
आधी-तूफान से हुए व्यापक नुकसान की खबर सुन कर काफी दुख पहुंचा है. कई गरीबों की झोपडि़यां भी उजड़ गयी है. तूफान पीडि़तों को हुए क्षति की भरपाई हेतु शीघ्र सर्वे करा कर उचित मुआवजा व सहायता प्रदान करने का निर्देश जिला प्रशासन को दी गयी है. इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जायेगी.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >