दिसंबर 2014 में भी हुए थे 80 लाख के जेवरात बरामद
कटोरिया : कोलकाता से बारह दिनों पूर्व नौकर द्वारा सेठ के घर से उड़ाया गया करीब 30 लाख रुपये का हीरा व सोना के जेवरात कटोरिया पुलिस ने बरामद करने में कामयाबी हासिल की है. पुलिस ने आरोपी नौकर पवन कुमार ग्राम खावा (बलियामहरा पंचायत) थाना बांका को भी धर दबोचा है. बरामद जेवरात व गिरफ्तार नौकर को कोलकाता पुलिस के हवाले कर दिया गया है. इस बरामदगी में कटोरिया थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार भारती एवं सब इंस्पेक्टर परीक्षित पासवान ने सराहनीय भूमिका निभायी. बरामद जेवरात में डायमंड व गोल्ड के कई हार, चूड़ी, नेकलेस,
अंगुठी, कंगन आदि शामिल हैं. प्राप्त जानकारी के अनुसार कोलकाता के लालपट्टी थाना क्षेत्र निवासी व्यवसायी गौरव बिनामी के घर पवन कुमार ने गत 18 अप्रैल को अपना नाम सुरेंद्र रख कर घरेलू नौकर के रूप में रहना शुरू किया. चार दिनों बाद ही 22 अप्रैल को वह घर से लाखों रुपये के महंगे जेवरात लेकर भाग निकला. उक्त नौकर की गिरफ्तारी व चोरी गये आभूषणों की बरामदगी हेतु बंगाल पुलिस कटोरिया भी पहुंची. जहां कटोरिया पुलिस ने सघन छापामारी के तहत नाटकीय ढंग से शातिर नौकर पवन उर्फ सुरेंद्र को धर दबोचा. उसकी निशानदेही पर सभी आभूषण भी बरामद कर लिये गये. कटोरिया पुलिस ने बरामद जेवरात व गिरफ्तार नौकर को कोलकाता पुलिस के हवाले कर दिया. जिसे वे अपने साथ ले गये. ज्ञात हो कि इससे पहले भी गत 18 दिसंबर 2014 को कटोरिया थानाध्यक्ष प्रवेश कुमार भारती ने असनातरी गांव से लगभग 80 लाख रुपये के डायमंड के जेवरात बरामद किया था. उक्त जेवरात को विशाखापतनम स्थित सेठ के घर से घरेलू नौकर द्वारा चोरी करके लाया गया था.
