संघ के आशीर्वाद से बिहार में सत्ता का स्वाद चखने वाले नीतीश का संघ मुक्त भारत का दिवा स्वप्न देख रहे हैं, जो कभी पूरा नहीं होगा. वे बिहार के विकास व बिहार को अपराध मुक्त बनाने पर दें ध्यान.
ठाकुरगंज : संघ के आशीर्वाद से मुख्यमंत्री बन कर 17 साल तक सत्ता का स्वाद चखने वाले नीतीश अब संघ मुक्त भारत का सपना देख रहे हैं, उनका सपना सपना ही रह जायेगा. उक्त बातें पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने सोमवार को कही. वे सोमवार को ठाकुरगंज में पत्रकारों से मुखातिब थे. श्री हुसैन ने नीतीश के संघ मुक्त नारे की खिल्ली उड़ाते हुए कहा कि जिस संघ एवं बीजेपी के बदौलत नीतीश ने सत्ता का स्वाद चखा वो आज उसे मिटाने की बात यदि करें, तो इसे दिवा स्वप्न ही कहा जायेगा.
भाजपा कार्यकर्ता अनवर उर्फ लंबू के आवास पर मौजूद दर्जनों भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच प्रधानमंत्री पद के लिए नीतीश को प्रोजेक्ट किये जाने के सवाल पर चुटकी लेने से नहीं चुके तथा कहा क्षेत्रीय दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभी बिहार पर ध्यान दें. 2019 अभी दूर है. बिहार की जनता ने उन्हें सूबे की कमान दी है उसे दुरुस्त करें, उद्योग धंधे बिहार में आये इसके लिए प्रयास करें. शराब बंदी पर नीतीश कुमार को साधुवाद देते हुए भाजपा नेता ने कहा कि अच्छे कार्यों का हम समर्थन करते है. अब नीतीश बिहार को अपराध मुक्त बनाने का कार्य करें.
राज्य सरकार पर बार बार केंद्र से तनाव पैदा कर संबंधों में खटास पैदा करने का आरोप लगाते हुए शाहनवाज हुसैन ने कहा कि केंद्र सरकार बिहार के विकास के लिए कृत संकल्पित है. हाल ही में बिहार के लिए घोषित 14 रेल ओवर ब्रिज की चर्चा करते हुए शाहनवाज ने कहा कि इसमें एक रेल ओवर ब्रिज ठाकुरगंज को भी मिला है जो केंद्र सरकार के सीमांचल के प्रति विकास की प्रतिबद्धता को दर्शाता है.
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मोदी सरकार के दो वर्ष होने के बावजूद इलाके में रेल यात्रियों के अच्छे दिन नहीं आने पर ध्यान आकृष्ट किये जाने पर उन्होंने इलाके की रेल समस्याओं के निराकरण के लिए प्रयास करने की बात कही. इस दौरान पूर्व विधायक सह लोजपा नेता गोपाल अग्रवाल, भाजपा नेता मोतीलाल सर्राफ, देवकी अग्रवाल, बिजली सिंह, अमित सिन्हा, अनवर उर्फ लंबू, रोहित बोल, राजेंद्र तिवारी, हंसराज, चितरंजन सिंह, प्रो दिलीप यादव, विश्वजीत, सुधीर राय, बंटी दत्ता आदि मौजूद थे.
