पुलिस ने दिया सूझ-बूझ का परिचय
मामला हार्डकोर नक्सली एरिया कमांडर बीरबल मुर्मू के भाई विनोद मुर्मू की गिरफ्तारी का
पुलिस ने कहा, जमुई पुलिस ने किया है गिरफ्तार
बेलहर थाने में किसी भी मामले में वांछित नहीं है विनोद
बेलहर : थाना क्षेत्र के नक्सल प्रभावित तेलियाकुमरी पंचायत के मटियोकोर गांव से एक व्यक्ति के गिरफ्तार होने पर बुधवार को करीब तीन दर्जन से अधिक ग्रामीण थाने पर पहुंच गये. थाने पर ग्रामीणों के पहुंचने से कुछ देर के लिए माहौल बिगड़ गया था. हालांकि बेलहर पुलिस की समझदारी से मामला जल्द ही सुलझा लिया.और ग्रामीण वापस अपने गांव लौट गये.
जानकारी के अनुसार, हार्डकोर नक्सली एरिया कमांडर बीरबल मुर्मू के भाई विनोद मुर्मू को मंगलवार की देर रात पुलिस व सीआरपीएफ ने उसके घर से गिरफ्तार किया था. मामले को लेकर उसकी मां मुन्नी देवी एवं विनोद मुर्मू की पत्नी सविता देवी के साथ दो दर्जन से अधिक महिला-पुरुष बुधवार की सुबह थाने पर पहुंचे. उसके जुर्म के बारे में जानकारी लेने की कोशिश की.
थाने पर पहुंचने के बाद उसकी कोई जानकारी नहीं मिल सकी. इसके बाद उक्त ग्रामीण सीआरपीएफ कैंप भी पहुंचे. लेकिन पुख्ता जानकारी नहीं मिल सकी. इससे ग्रामीण बार-बार पुलिस से उसकी जानकारी ले रहे थे. उन लोगों का कहना था कि एक ओर सीआरपीएफ हम लोगों के बीच कंबल, साड़ी, कपड़ा, कॉपी, किताब आदि का वितरण करती है और समाज के साथ मिल कर रहने को प्रेरित करती है. वहीं दूसरी ओर रात के अंधेरे में घर में घुस कर बिना अपराध पुलिस द्वारा तोड़-तोड़, मारपीट कर बिना कुछ बताये हमारे परिजनों को उठा कर जहां-तहां ले जाया जाता है.
सविता देवी ने बताया कि रात में जब हमलोग घर में सोये थे तो 10-12 की संख्या में सीआरपीएफ के जवान आये. बिना कुछ बोले मुझे और मेरे पति को भला-बुरा कहने लगे. घर में रखे बक्से तोड़ दिये एवं अन्य सामान को तोड़ फोड़ कर बरबाद कर दिया. जब पूछा कि विनोद को कहां ले जा रहे हो, इस पर भी मुझे धकेल दिया एवं घर की दीवार तोड़ दी.
इस संबंध में पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी विश्वजीत सिंह ने बताया कि उसे जमुई पुलिस द्वारा उठाया गया है. हमारे थाना में उसके ऊपर दो केस था. इसमें वह बेल पर है. अभी वह बेलहर थाने के किसी भी मामले में वांटेड नहीं है.
