43 डिग्री तापमान से बौंसी बेहाल, पिघलने लगी सड़कें, दोपहर में सूनी पड़ीं गलियां

Banka Heatwave News : बांका जिले के बौंसी प्रखंड में भीषण गर्मी और लू ने लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है. तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने से सड़कें तपने लगी हैं और कई जगहों पर अलकतरा पिघलने लगा है. तेज धूप के कारण बाजारों और सड़कों पर दोपहर में सन्नाटा पसरा रहा.

बौसी, बांका से संजीव पाठक की रिपोर्ट : बौंसी प्रखंड सहित आसपास के इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. रविवार को तापमान करीब 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे सुबह सात बजे के बाद ही लोगों का घरों से निकलना कम हो गया. गर्म हवाओं और उमस भरी तपिश ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है.

दोपहर में पसरा सन्नाटा

तेज धूप और लू के कारण दोपहर के समय बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा. आम दिनों में भीड़भाड़ वाले चौक-चौराहों पर लोगों की आवाजाही बेहद कम नजर आई. कई दुकानदारों ने ग्राहकों की कमी के कारण दोपहर में दुकानें बंद रखीं, जबकि कुछ दुकानदार खाली बैठे दिखे.

दिहाड़ी मजदूर और किसान सबसे ज्यादा प्रभावित

भीषण गर्मी का असर सबसे अधिक दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों, सब्जी विक्रेताओं और किसानों पर देखा जा रहा है. दोपहर में तेज धूप के कारण मजदूरों को काम मिलने में परेशानी हो रही है. वहीं खेतों में काम करने वाले किसानों को भी कड़ी धूप में काम करना मुश्किल हो गया है.

पिघलने लगी सड़क की अलकतरा

लगातार बढ़ते तापमान का असर अब सड़कों पर भी साफ दिखाई देने लगा है. बौंसी के मधुसूदन मंदिर से छापोलिका धर्मशाला तक कई जगहों पर सड़क की ऊपरी अलकतरा पिघलती नजर आई. सड़क पर बढ़ी चिपचिपाहट के कारण राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्म अलकतरा पर नंगे पैर चलने से जलन और फफोले पड़ने का खतरा बना हुआ है.

पशुओं पर भी पड़ रहा गर्मी का असर

भीषण गर्मी से सिर्फ इंसान ही नहीं, बल्कि पशु भी प्रभावित हो रहे हैं. सड़क पर पिघलती अलकतरा और तपती जमीन के कारण मवेशियों को चलने में दिक्कत हो रही है. ग्रामीण इलाकों में पशुपालकों की चिंता भी बढ़ गई है.

चिकित्सक ने दी सतर्क रहने की सलाह

रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. संजीव कुमार ने लोगों को लू और डिहाइड्रेशन से बचने की सलाह दी है. उन्होंने कहा कि अधिक मात्रा में पानी पीना चाहिए और धूप में निकलते समय सिर को कपड़े या टोपी से ढंकना जरूरी है. बच्चों और बुजुर्गों को दोपहर में घर से बाहर नहीं निकलने देने की सलाह दी गई है.

गर्मी में दिखें ये लक्षण तो तुरंत लें सलाह

डॉक्टर के अनुसार, अत्यधिक गर्मी में शरीर में पानी की कमी, चक्कर आना, उल्टी और कमजोरी जैसी समस्याएं हो सकती हैं. ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेनी चाहिए. साथ ही लोगों से हल्का और तरल भोजन लेने तथा जरूरी काम होने पर ही घर से बाहर निकलने की अपील की गई है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Amit kumar sinh

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >