बांका से नवनीत कुमार की रिपोर्ट
बांका जिले में जनजातीय गौरव उत्सव के तहत चलाए गए जनभागीदारी अभियान “सबसे दूर, सबसे पहले” का सफल समापन हो गया. अभियान के दौरान आदिवासी बहुल क्षेत्रों में लगाए गए 64 आदि सेवा केंद्रों पर कुल 3392 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2848 आवेदनों का त्वरित निष्पादन कर दिया गया. प्रेस वार्ता में डीएम नवदीप शुक्ला ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनजातीय क्षेत्रों के लोगों तक सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुंचाना था.64 आदि सेवा केंद्रों पर लगे शिविर
डीएम कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में जिलाधिकारी नवदीप शुक्ला ने बताया कि 21 से 23 मई तक आदिवासी बहुल पंचायतों में 64 आदि सेवा केंद्रों के माध्यम से विशेष शिविर लगाए गए. इन शिविरों में कुल 5895 लोगों ने भाग लिया.अभियान के तहत कटोरिया की 14 पंचायत, चांदन की 15 पंचायत, बौंसी की 4 पंचायत, बेलहर की 4 पंचायत तथा फुल्लीडुमर और शंभुगंज की एक-एक पंचायत सहित कुल 39 पंचायतों के 138 गांवों को कवर किया गया.सरकारी योजनाओं के लिए मिले हजारों आवेदन
जनसुनवाई शिविर में आधार कार्ड, उज्ज्वला योजना, राशन कार्ड, जाति प्रमाण पत्र, आवासीय प्रमाण पत्र, किसान क्रेडिट कार्ड, पीएम जनधन योजना और पीएम मातृत्व योजना सहित कई सरकारी योजनाओं से जुड़े आवेदन लिए गए.डीएम ने बताया कि कुल 3392 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 2848 आवेदनों का मौके पर ही निष्पादन कर दिया गया, जबकि बाकी आवेदनों पर कार्रवाई जारी है.
