फुल्लीडुमर : प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत खेसर पंचायत के मध्य विद्यालय समता में मध्याह्न् भोजन में भारी गड़बड़ी होने को लेकर विद्यालय के सहायक शिक्षक व छात्रों ने हंगामा किया. मध्य विद्यालय में प्रथम से अष्टम वर्ग तक की पढ़ाई होती है. इसमें दो शिक्षिका व दो शिक्षक हैं.
शिक्षिका रेणु कुमारी, सहायक शिक्षक खगेश कुमार, पदमाकर सिंह ने प्रधान शिक्षिका मनोरमा देवी पर मध्याह्न् भोजन में मनमानी का आरोप लगाते हुए बताया कि इस संबंध में प्रखंड के वरीय पदाधिकारी से कई बार मौखिक शिकायत की गयी, लेकिन आज तक ध्यान नहीं दिया जा रहा है.
सभी शिक्षक ने बताया कि सभी वर्ग मिला कर विद्यालय में कुल 495 बच्चे नामांकित हैं, लेकिन उपस्थिति मात्र 180 की ही होती है. उसके बाद उपस्थिति पंजी में प्रतिदिन 300 से 350 छात्रों को दिखाया जाता है. यह सिलसिला कई माह से चल रहा है. विद्यालय की प्रधान शिक्षिका मनोरमा देवी ने बताया कि सहायक शिक्षिका रेणु कुमारी का विद्यालय प्रबंधन में बराबर व्यवधान पैदा करना आदत बन गयी है. वर्ग में पढ़ाना नहीं चाहती हैं और वही हाल अन्य शिक्षकों का भी है. जब इस पर कार्रवाई की जाती है तो कई प्रकार का आरोप प्रत्यारोप लगाया जाता है.
विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी सही भोजन नहीं मिलने की शिकायत सभी शिक्षकों के सामने की. विद्यालय में उपस्थित मुखिया पति चुनचुन पंडित ने भी इस शिकायत को सही बताया और कहा कि इस हरकत से प्रधान शिक्षिका के अलावे सहायक शिक्षक अपने आप में सुधार लाये. सभी विलंब से विद्यालय आते है और समय से पहले बंद कर चले जाते है. इस संबंध में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी तुषार कांत सिन्हा ने बताया कि विद्यालय जाकर सारे शिकायतों को सुन कर दोषी शिक्षकों पर कार्यवाही की जायेगी.
