बांका : बांका के व्यवसायी परशुराम मंडल की बुधवार की देर रात गोली मार कर हत्या कर दी गयी. घटना के विरोध में गुरुवार को बांका बजार स्वत: बंद रहा. यही नहीं इसके विरोध में शहर के व्यावसायिक संघ, पीड़ित परिवार व ग्रामीणों ने मुख्यालय के गांधी चौक व शास्त्री चौक पर जिला प्रशासन का पुतला फूंका.
हालांकि, बाजार बंदी के दौरान शहर में शांति बनी रही. उधर, इस मामले में बांका पुलिस ने एसपी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्त सुभाष मंडल व प्रकाश मंडल को गिरफ्तार कर लिया है. घटना के विरोध में देर शाम में व्यावसायिक संघ द्वारा शास्त्री चौक से गांधी चौक तक कैंडल मार्च निकाला गया.
गांव के तीन लोगों को बनाया अभियुक्त : व्यवसायी परशुराम मंडल की हत्या मामले में भाई मनीष कुमार ने गांव के ही जनार्दन मंडल के पुत्र प्रकाश मंडल, सुभाष मंडल व प्रदीप मंडल को नामजद अभियुक्त बनाया है. बांका पुलिस ने एसपी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्त सुभाष मंडल व प्रकाश मंडल को गिरफ्तार कर लिया है.
