बकरी विवाद के बाद 15 वर्षीय किशोर गायब, मां ने पड़ोसियों पर लगाया अपहरण का आरोप

अमरपुर के डुमरामा से 15 वर्षीय बालक के रहस्यमय ढंग से लापता होने का मामला सामने आया है. बकरी को लेकर पड़ोसियों से हुए विवाद के बाद मां ने अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस से गुहार लगाई है.

अमरपुर (बांका). अमरपुर नगर पंचायत के डुमरामा वार्ड नंबर एक स्थित रजक टोला से बुधवार की सुबह 15 वर्षीय बालक के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला सामने आया. बालक की मां काजल देवी, पति शिबु रजक, ने अमरपुर थाना में लिखित आवेदन देकर अपने पुत्र की सकुशल बरामदगी की मांग की है. घटना के बाद परिजनों में चिंता और गम का माहौल है.

बकरी को लेकर पड़ोसियों से हुआ था विवाद

दिए गए आवेदन में काजल देवी ने बताया है कि दो दिन पहले बकरी को लेकर पड़ोसी शंकर रजक, पवन रजक, छोटु रजक, सुमन रजक और मनोज रजक समेत अन्य लोगों से विवाद हुआ था. महिला का आरोप है कि विवाद के दौरान पड़ोसियों ने अंजाम भुगतने की धमकी दी थी.

पति इलाज के लिए भागलपुर गए थे

महिला के अनुसार 19 अगस्त को उनके पति शिबु रजक इलाज कराने के लिए भागलपुर गए थे, जबकि वह खुद धान की रोपनी के लिए खेत चली गई थीं. देर शाम खेत से वापस लौटने पर उनका 15 वर्षीय पुत्र घर पर मौजूद नहीं था.

फोटो: बालक की फाईल फोटो

काफी खोजबीन के बाद भी नहीं मिला बालक

बालक के घर पर नहीं मिलने के बाद परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उसकी खोजबीन शुरू की. काफी प्रयास के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला. इसके बाद मां पड़ोसी शंकर रजक के घर पहुंचकर बेटे के संबंध में पूछताछ करने गईं, लेकिन वहां ताला लगा मिला.

मां ने लगाया अपहरण का आरोप

काजल देवी ने पड़ोसियों पर साजिश के तहत अपने पुत्र का अपहरण करने की आशंका जताते हुए पुलिस से कार्रवाई और बेटे की सकुशल बरामदगी की गुहार लगाई है. हालांकि आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी.

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस ने बताया कि महिला की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. पुलिस बालक की तलाश के साथ-साथ घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है. पुलिस ने जल्द बालक को सकुशल बरामद करने का भरोसा दिया है.

परिजनों में चिंता का माहौल

बालक के अचानक लापता होने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार के लोग लगातार उसके सकुशल वापस लौटने की उम्मीद लगाए हुए हैं.



प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By प्रीतम कुमार

प्रीतम कुमार प्रिंट माध्यम में 12 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं. अमरपुर (बांका) क्षेत्र में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >