जिले में पारा पहुंचा 43 पार, माह का सर्वाधिक गर्म दिन रहा मंगलवार, नहीं मिल रही राहत, तेज धूप व बढ़ती गर्मी से जनजीवन अस्त-व्यस्त

बांका : जिले में तेज धूप व बढ़ती गर्मी से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. एक सप्ताह से सुबह होने के साथ ही तेज धूप निकलती है और दिन का तापमान चढ़ने लगता है. दोपहर के बाद देर शाम तक एक समान गर्मी बनी रहती है. केभीके के मौसम विभाग के पूर्वानुमान में मंगलवार […]

बांका : जिले में तेज धूप व बढ़ती गर्मी से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है. एक सप्ताह से सुबह होने के साथ ही तेज धूप निकलती है और दिन का तापमान चढ़ने लगता है. दोपहर के बाद देर शाम तक एक समान गर्मी बनी रहती है. केभीके के मौसम विभाग के पूर्वानुमान में मंगलवार को उच्चतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस आंका गया था और हुआ भी कुछ इसी तरह का. मंगलवार का दिन सर्वाधिक गर्म दिन रहा.
जिले भर में उच्चतम तापमान 42.5 डिग्री सेल्सियस तो न्यूनतम तापमान 26 डिग्री रहा. अब तक का सर्वाधिक गर्म दिन होने के कारण लोगों ने घरों से निकलने में परहेज किया. दोपहर में शहर की सड़कें वीरान दिखी. हालांकि स्कूल में छुट्टी नहीं होने के कारण स्कूली बच्चों के लिए आज का दिन भारी रहा.
वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों में भी गर्मी को लेकर बैचेनी देखी गयी. अधिकतर लोग घर में दुबके रहे. हालांकि अत्यधिक गर्मी होने के कारण घरों में भी लोगों को आराम नहीं मिल पा रहा था. किसानों व पशुपालकों को भी गर्मी में सावधानी बरतने की जरूरत है. सभी तरह के फसल में नमी बनाये रखने के लिए सिंचाई जरूरी है.
पशुओं को प्रत्येक दिन 40 से 50 ग्राम नमक खिलाने के साथ-साथ प्रत्येक दो-तीन घंटा पर स्वच्छ पानी पिलाने की सलाह दी गयी है. इसके अलावा जिले भर में पेयजल संकट भी गहरता जा रहा है. पीएचइडी विभाग के अनुसार जिले का जलस्तर 27 फीट नीचे चला गया है. अधिकतर बांध व तालाब सूख चुके हैं. कई चापाकल व कुआं भी लोगों की प्यास बुझाने में असफल हो रहे हैं.
मौसम विभाग का पूर्वानुमान
केभीके बांका के मौसम विभाग के अनुसार साइक्लोन स्टोर्म फेनी उड़ीसा के पुरी पहुंच जाने की सूचना है. इसके कारण आगामी सप्ताह में तेज हवा तो जरूर चलेगी. शुष्क मौसम के साथ-साथ तापमान में कुछ गिरावट हो सकती है. कुछ जगहों पर बूंदाबांदी के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है.
बढ़ रही गर्मी को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी है पूरी तरह अलर्ट
स्वास्थ्य विभाग ने गर्मी को लेकर अपनी पूरी तैयारी कर रखी है. सभी अस्पतालों को हाइ अलर्ट कर दिया गया है. सभी अस्पतालों में ओआरएस का पॉकेट व स्लाइन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध है. एक आंकड़े के मुताबिक जिले भर के अस्पतालों में 3 लाख 93 हजार 250 ओआरएस का पॉकेट आवंटित कर दिया गया है. सदर अस्पताल में करीब तीन हजार ओआरएस का पॉकेट व एक हजार स्लाइन आदि मौजूद है
. हालांकि दिन में चल रहे लू के कारण लोगों में डिहाइड्रेशन की शिकायत भी देखने को मिल रही है. विभिन्न अस्पतालों में ऐसे रोगियों को संख्या में इजाफा हुआ है. चिकित्सक ने आमजनों से गर्मी से परहेज करने के साथ-साथ तेज धूप में यात्रा नहीं करने की सलाह दी है. इसके साथ ही लोगों को अधिक से अधिक नींबू पानी पीने की सलाह दी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar Digital Desk

यह प्रभात खबर का डिजिटल न्यूज डेस्क है। इसमें प्रभात खबर के डिजिटल टीम के साथियों की रूटीन खबरें प्रकाशित होती हैं।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >