शंभुगंज : कालाबाजारी का सरकारी खाद्यान्न पकड़े जाने के मामले में एमओ विजय बहादुर सिंह के लिखित आवेदन पर चालक, खलासी व वाहन मालिक के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज करने के बाद यहां के जविप्र दुकानदारों व माफियाओ में हड़कंप मचा है.
वहीं पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करने के बाद खाद्यान्न माफियाओं व जविप्र दुकानदारों की कुंडली खंगालना शुरू कर दी है. विदित हो कि सोमवार की देर शाम ही थानाध्यक्ष हरिशंकर कश्यप ने गुप्त सुचना के आधार पर हिमालयन एकेडमी कसबा के समीप पिकअप वैन में लदी कालाबाजारी की पचास बोरा (25 क्विंटल) सरकारी खाद्यान्न जब्त किया था.
जबकि चालक व खलासी अंधेरा का लाभ उठाकर भाग निकला. घटना के बाद लोगों का कहना है कि एमओ खाद्यान्न माफिया व जविप्र दुकानदारों पर मेहरबान है.इधर पुलिस का कहना है कि यह सरकारी खाद्यान्न कालाबाजारी का है. पुलिस अनुसंधान में यह खोज निकालेगा कि खाद्यान्न माफिया ने किस जविप्र दुकानदारों से खाद्यान्न खरीदकर बाहर भेज रहा था.
अवैध बालू लदा ट्रैक्टर जब्त
अमरपुर. अमरपुर पुलिस ने मंगलवार की देर रात क्षेत्र के बालू घाटों पर छापेमारी अभियान चलाया. हालांकि इस दौरान पुलिस को कुछ भी हाथ नही लगा. वही सिहुड़ी मोड़ के समीप डंपिंग स्थल से बालू लदे एक ट्रैक्टर को जब्त किया. इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल कुमार साह ने बताया है कि जब्त वाहन व मालिक के विरुद्ध कार्रवाई के लिए वरीय पदाधिकारी को सूचना दे दी गयी है.
छेड़खानी का विरोध करने पर महिला के साथ मारपीट
शंभुगंज. शंभुगंज थाना क्षेत्र के मालडा गांव में महिला द्वारा छेड़खानी का विरोध करने पर युवक ने मारपीट कर महिला को जख्मी कर दिया. जख्मी हालत में ही पीड़ित महिला इंदू देवी पिता सुभाष साह थाना पहुंची. जहां से पुलिस ने महिला को इलाज के लिए सामुदायिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र शंभुगंज भेज दिया. इस घटना को लेकर मालडा गांव के जख्मी इन्दु देवी ने गांव के ही परशुराम साह को नामजद अभियुक्त बनाते हुए प्राथमिकी दर्ज करायी है.
जानकारी के अनुसार पीड़ित महिला बुधवार की सुबह कटहल तोड़ रही थी इसी बीच गांव के ही परशुराम साह ने वहां पहुंचा और गलत नीयत से पीछे से हाथ पकड़ लिया. महिला के शोर मचाने पर बचाने उनकी बहन आयी. युवक ने उनकी बहन का सिर फोड़ दिया. घटना के बाद गांव में दोनो पक्षों के बीच तनाव व्याप्त है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है, दोषी पर कार्रवाई की जायेगी.
