B.Ed Exam: (सासाराम से मो. आरिफ खान ) वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय आरा ने बीएड फाइनल ईयर सत्र 2024-26 परीक्षा 2026 का कार्यक्रम जारी कर दिया है. परीक्षा 19 मई से शुरू होकर 21 मई तक चलेगी. विश्वविद्यालय प्रशासन ने दो पालियों में परीक्षा आयोजित करने का निर्णय लिया है.
दो पालियों में होगी परीक्षा
विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित की जाएगी. पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक चलेगी जबकि दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से 3:30 बजे तक आयोजित होगी. सभी परीक्षा केंद्रों को आवश्यक दिशा-निर्देश भेज दिए गए हैं.
19 मई को होगी नॉलेज एंड करिकुलम की परीक्षा
जारी कार्यक्रम के अनुसार 19 मई को पहली पाली में सी-8 नॉलेज एंड करिकुलम विषय की 80 अंकों की परीक्षा आयोजित होगी. वहीं दूसरी पाली में सी-7बी पेडागॉजी ऑफ ए स्कूल सब्जेक्ट विषय की 40 अंकों की परीक्षा ली जाएगी.
20 मई को असेसमेंट एंड लर्निंग सहित महत्वपूर्ण पेपर
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार 20 मई को पहली पाली में सी-9 असेसमेंट एंड लर्निंग विषय की 80 अंकों की परीक्षा होगी. दूसरी पाली में सी-10 क्रिएटिंग एन इंक्लूसिव स्कूल विषय की 40 अंकों की परीक्षा आयोजित की जाएगी.
21 मई को ऑप्शनल विषयों की परीक्षा
विश्वविद्यालय द्वारा जारी शेड्यूल के अनुसार 21 मई को सुबह 10 बजे से 11:30 बजे तक ऑप्शनल विषयों की परीक्षा आयोजित होगी. इसमें बेसिक एजुकेशन, हेल्थ योगा एंड फिजिकल एजुकेशन, गाइडेंस एंड काउंसलिंग और एनवायरमेंट एजुकेशन विषय शामिल हैं.
इंटरनल और प्रायोगिक परीक्षा की तिथि बाद में होगी घोषित
परीक्षा नियंत्रक ने बताया कि इंटरनल एवं प्रायोगिक परीक्षा की तिथि सैद्धांतिक परीक्षा समाप्त होने के बाद घोषित की जाएगी. परीक्षा कार्यक्रम की प्रति सभी परीक्षा केंद्रों के केंद्राधीक्षकों, बीएड कॉलेजों के प्राचार्यों एवं संबंधित अधिकारियों को भेज दी गई है.
कदाचारमुक्त परीक्षा कराने को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन सख्त
विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी केंद्रों को परीक्षा शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने का निर्देश दिया है. परीक्षा कार्यक्रम जारी होने के बाद छात्र-छात्राओं के बीच तैयारी को लेकर उत्साह बढ़ गया है.
