भभुआ में चार लोगों के सिरकटी लाश कांड में बड़ा खुलासा, इन पर पुलिस को शक, घर को किया गया सील

रामगढ़ थाना क्षेत्र में चार लोगों के सिरकटी शव मिलने के सनसनीखेज हत्याकांड में पुलिस को बड़ा सुराग हाथ लगा है. डहरक गांव निवासी कृष्ण मुरारी का पूरा परिवार पिछले चार-पांच दिनों से लापता है और उसके घर के बच्चे का आंगनबाड़ी केंद्र से गायब होना पुलिस के शक को और गहरा कर रहा है.

Kaimur News: (भभुआ से विकास कुमार) रामगढ़ थाना क्षेत्र में चार लोगों की निर्मम हत्या के मामले में पुलिस को बड़ा सुराग मिला है. डहरक गांव निवासी कृष्ण मुरारी का परिवार पिछले चार-पांच दिनों से लापता बताया जा रहा है, जिसके बाद पुलिस ने उसके घर को सील कर गंभीरता से जांच शुरू कर दी है.

पुलिस को मिला अहम सुराग

अभयदे नहर के किनारे बोरे में मिले शवों के साथ एक बच्चे का आंगनबाड़ी स्कूल ड्रेस भी बरामद हुआ था. ड्रेस पर लगे टेलर के स्टीकर से पुलिस को यह संकेत मिला कि मृतक रामगढ़ थाना क्षेत्र के आसपास के ही हो सकते हैं. इसके बाद पुलिस लगातार ऐसे परिवारों की तलाश में जुटी थी जिनके बच्चे आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ते हों और परिवार अचानक गायब हो गया हो.

कृष्ण मुरारी का परिवार चार दिनों से गायब

जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि डहरक गांव निवासी कृष्ण मुरारी का परिवार पिछले चार-पांच दिनों से लापता है. उसके घर पर ताला लटका हुआ मिला.पुलिस को यह भी पता चला कि उसके घर का एक बच्चा आंगनबाड़ी केंद्र में पढ़ता है. इसके बाद पुलिस का शक और गहरा गया.

संदिग्ध मानकर पुलिस ने घर किया सील

पुलिस ने कृष्ण मुरारी के घर को संदिग्ध मानते हुए सील कर दिया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी अनुसंधान शुरू कर दिया गया है. पुलिस परिवार के रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है ताकि मामले से जुड़े अन्य सुराग मिल सकें.

महाराष्ट्र में काम करने वाले भाई से भी नहीं हुआ संपर्क

पुलिस पूछताछ में कृष्ण मुरारी के भाइयों ने बताया कि वह बाहर काम करता है. महाराष्ट्र के औरंगाबाद में रहने वाले उसके एक भाई ने बताया कि पिछले चार दिनों से कृष्ण मुरारी से उसकी कोई बातचीत नहीं हुई है और वह कहां है इसकी जानकारी उसे भी नहीं है. इसके बाद पुलिस का शक और मजबूत हो गया है.

आंगनबाड़ी केंद्र से भी बच्चा कई दिनों से अनुपस्थित

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कृष्ण मुरारी का बच्चा पिछले तीन-चार दिनों से आंगनबाड़ी केंद्र नहीं पहुंचा है. शव के साथ मिले स्कूल ड्रेस और बच्चे की अनुपस्थिति ने पुलिस को इस परिवार तक पहुंचने में अहम भूमिका निभाई है.

हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस

पुलिस अब कृष्ण मुरारी और उसके परिवार की लोकेशन पता लगाने में पूरी ताकत लगा रही है. तकनीकी जांच के साथ-साथ रिश्तेदारों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है. पुलिस को उम्मीद है कि यह सुराग हत्याकांड के खुलासे में बड़ी भूमिका निभाएगा.

एसपी ने क्या कहा

एसपी हरिमोहन शुक्ला ने बताया कि डहरक गांव में एक संदिग्ध परिवार की जानकारी मिली है जो अपने घर से गायब है. पुलिस ने रात में उसके घर पहुंचकर उसे सील कर दिया है. उन्होंने कहा कि पुलिस इस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे हत्याकांड का खुलासा कर लिया जाएगा.

Also Read: चार सिरकटे शवों की नहीं सुलझी गुत्थी, घटनास्थल पहुंचे डीआइजी

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Sakshi kumari

साक्षी देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद की धरती सीवान से आती हैं. पत्रकारिता में अपनी करियर की शुरुआत News4Nation के साथ की. 3 सालों तक डिजिटल माध्यम से पत्रकारिता करने के बाद वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं. बिहार की राजनीति में रुचि रखती हैं. हर दिन नया सीखने के लिए इच्छुक रहती हैं.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >