Aurangabad News : औरंगाबाद के कुटुंबा प्रखंड के दधपा गांव में खेत में काम करने के दौरान एक युवक को जलीय जहरीले जीव ने काट लिया, जिससे उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गयी. घटना के बाद परिजनों ने आनन-फानन में उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां के डॉक्टरों ने उपचार किया. घायल युवक की पहचान दधपा गांव निवासी धनंजय मेहता के रूप में हुई है.
खेत में काम करने के दौरान जहरीले जीव ने काटा
परिजनों के अनुसार धनंजय खेत में काम कर रहा था. इसी दौरान पानी में मौजूद किसी जहरीले जलीय जीव ने उसे काट लिया.
कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी. परिजनों ने तत्काल उसे सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया. इलाज के बाद फिलहाल उसकी स्थिति खतरे से बाहर बतायी जा रही है.
गोह विधायक अमरेंद्र कुशवाहा ने अस्पताल पहुंचकर लिया हाल
इधर घटना की सूचना पर गोह विधायक अमरेंद्र कुशवाहा सदर अस्पताल पहुंचे और घायल धनंजय मेहता व उसके परिजनों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली.
विधायक ने अस्पताल में मरीज को हो रही परेशानियों को लेकर कर्मियों के प्रति नाराजगी जतायी. उन्होंने संबंधित चिकित्सक से मुलाकात कर मरीज का बेहतर तरीके से इलाज करने और आवश्यक स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने को कहा.
Also Read : औरंगाबाद : छह दिन उफान पर रही उत्तर कोयल नदी, जलस्तर घटते ही मुख्य नहर में छोड़ा गया 700 क्यूसेक पानी
सदर अस्पताल में संसाधनों की कमी पर जताई नाराजगी
विधायक अमरेंद्र कुशवाहा ने कहा कि सदर अस्पताल में कई जरूरी संसाधनों और सुविधाओं की कमी है. इसके कारण मरीजों और उनके परिजनों को इलाज के लिए भटकना पड़ता है. कई बार मरीजों की स्थिति गंभीर होने के बावजूद समय पर समुचित ध्यान नहीं दिया जाता है.
स्वास्थ्य व्यवस्था दुरुस्त करने की सरकार से की मांग
उन्होंने कहा कि यह स्वास्थ्य विभाग की गंभीर लापरवाही है, जिसे दूर करने की जरूरत है. विधायक ने कहा कि बिहार सरकार को सदर अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने चाहिए, ताकि मरीजों को बेहतर इलाज मिल सके और उन्हें परेशानियों का सामना नहीं करना पड़े.
