महिला सवारी को पीटकर ऑटो चालक सामान लेकर फरार

घटना मंगलवार की दोपहर की है.

औरंगाबाद /कुटुंबा. कुटुंबा थाना क्षेत्र के रसोइया मोड़ के समीप ऑटो सवार महिला के साथ ऑटो चालक द्वारा छिनतई व मारपीट किये जाने का मामला प्रकाश में आया है. घटना मंगलवार की दोपहर की है. जख्मी महिला की पहचान थाना क्षेत्र के ही गोवास गांव निवासी पार्वती देवी के रूप में हुई है. सदर अस्पताल में इलाज के दौरान जख्मी महिला ने बताया कि वह झारखंड के रजहा में अपनी मायके शादी समारोह में गयी थी. शादी संपन्न होने के बाद मंगलवार को वह मायके से सामान लेकर अकेली घर लौट रही थी. मायके से वह बस पकड़कर अंबा बाजार उतरी. अंबा बाजार में एक ऑटो वाले उसे कुटुंबा छोड़ने को कह बैठा लिया. कुछ दूरी जाने के बाद ऑटो सवारी लेने के लिए रुका. इसी दौरान महिला ऑटो से उतरकर खीरा खरीदने लगी. तभी महिला का सामान लेकर ऑटो वाला फरार हो गया. महिला कुछ देर तक ऑटो का पीछा भी की. तब ऑटो पकड़ में नही आया तो उसने एक बाइक वाले का सहारा लिया. बाइक वाले क सहयोग से ऑटो को रसोइया गांव के समीप पकड़ लिया. महिला ऑटो चालक से पूछताछ करने लगी.इस दौरान ऑटो पर दो लोग सवार थे. बातचीत करने के दौरान ऑटो वाले ने महिला को पीट दिया, जिससे वह जख्मी हो गयी. इसके बाद महिला मूर्छित होरक गिर पड़ी. इसके बाद भी ऑटो वाला महिला का सारा सामान लेकर फरार हो गया. स्थानीय लोगों ने महिला को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल कुटुंबा पहुंचाया और घटना की सूचना परिजनों को दी. सूचना पर परिजन रेफरल अस्पताल पहुंचे और हाल जाना. वहीं डॉक्टरों ने महिला को गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल रेफर कर दिया. महिला ने बताया कि उसके पास मायके से मिले हुए उपहार, कपड़ा, मिठाई व कुछ पैसे थे. फिलहाल महिला ने इलाज के उपरांत स्थानीय थाना में आवेदन देने की बात कही है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat Khabar News Desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >