हाइ टेंशन तार की चपेट में आने से महिला की मौत

नवीनगर के सिमरा उचित भान गांव में मूंग तोड़ने गयी थी खेत में, टूटकर गिरे तार की चपेट में आयी

नवीनगर के सिमरा उचित भान गांव में मूंग तोड़ने गयी थी खेत में, टूटकर गिरे तार की चपेट में आयी प्रतिनिधि, औरंगाबाद/नवीनगर. नवीनगर प्रखंड के माली थाना क्षेत्र के सिमरा उचित भान गांव में हाइ टेंशन तार की चपेट में आने से 46 वर्षीय महिला की मौत हो गयी. मृतका की पहचान उक्त गांव निवासी सत्येंद्र मेहता की पत्नी मालती देवी के रूप में हुई है. घटना शुक्रवार की सुबह की बतायी जा रही है. सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम के दौरान परिजनों ने बताया कि महिला शुक्रवार की सुबह अपने घर से दक्षिण दिशा की ओर आधे किलोमीटर दूर बधार तरफ खेत में मूंग तोड़ने गयी थी. हालांकि, खेत में पहले से ही हाइ टेंशन तार टूटकर गिरी थी, जिसे महिला देख नहीं सकी. जैसे ही मूंग तोड़ने के लिए खेत में उतरी, तभी करेंट वाले तार की चपेट में आ गयी. तार की चपेट में आने से वह झुलस गयी. इधर, आसपास के खेतों में काम कर रहे अन्य महिलाओं ने जब उसे देखा तो शोरगुल मचाया. शोरगुल की आवाज सुनकर परिजन घटनास्थल पर पहुंचे और उसे आनन-फानन में इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां के डॉक्टरों ने नब्ज टटोलते ही मृत घोषित कर दिया. मौत की खबर सुनते ही परिजन शव से लिपटकर चीत्कार उठे. परिजनों की चीत्कार से सदर अस्पताल का कोना-कोना दहल उठा. इसके बाद अस्पताल कर्मियों ने घटना की सूचना नगर थाने की पुलिस को दी. सूचना पर नगर थाने की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और मृतका के शव को कब्जे में लेकर परिजनों से जरूरी पूछताछ के उपरांत पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया. इधर, घटना की सूचना पर बैरिया पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि उपेंद्र कुमार सदर अस्पताल पहुंचे और रोते-बिलखते परिजनों को समझा-बूझाकर शांत कराया. मुखिया उपेंद्र कुमार ने कहा कि घटना बहुत दुखद है. मृत महिला काफी गरीब परिवार से थी. उन्होंने बिजली विभाग की लापरवाही से महिला की मौत होने का आरोप भी लगाया है. कहा कि बरसात के दिनों में जगह-जगह पर बिजली का तार जर्जर अवस्था में है, लेकिन कभी भी बिजली विभाग के कर्मचारी देखने नहीं आते हैं. खासकर गांव से बधार तरफ गुजरी तार को उन लोगों द्वारा हमेशा अनदेखी किया जाता है. पहले कई बार बिजली विभाग को आवेदन भी दिया गया है, लेकिन कोई असर नहीं हुआ. अगर बिजली विभाग के कर्मियों द्वारा समय-समय पर तार का रिपेयरिंग कराया जाता तो जान माल का खतरा नहीं रहता. परिजनों ने बताया कि मृतका के पांच बेटे हैं. पति गांव में ही खेतीबाड़ी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. घटना के बाद से परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल है तो वही गांव में मातम पसरा है. परिजनों ने जिला प्रशासन से आपदा राहत के तहत मुआवजे की मांग की है. नगर थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बिजली करेंट की चपेट में आने से एक महिला की मौत की सूचना मिली है. शव का पोस्टमार्टम कराकर दाह संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया है. वैसे मामला माली थाना का है, लेकिन नगर थाने में फर्द बयान कराया गया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujit kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >