बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत करने को विशेष कार्यशाला आयोजित प्रतिनिधि, दाउदनगर. अनुमंडल मुख्यालय स्थित अशोक इंटर विद्यालय परिसर में शिक्षा विभाग द्वारा बुनियादी साक्षरता व संख्यात्मक दक्षता विकास को लेकर विशेष कार्यशाला आयोजित की गयी. कार्यशाला का उद्देश्य चौथी, पांचवीं व छठी कक्षा के उन बच्चों की पहचान करना है, जिन्हें पढ़ने-लिखने तथा गणितीय क्रियाओं में कठिनाई हो रही है, ताकि उन्हें विशेष प्रशिक्षण देकर दक्ष बनाया जा सके. कार्यशाला में रिसोर्स पर्सन व मध्य विद्यालय सिंदुआर की प्रधानाध्यापिका मृदुला सिन्हा, समन्वयक व मध्य विद्यालय रामनगर के प्रधानाध्यापक रमाकांत सिंह तथा संरक्षक अशोक इंटर स्कूल के प्रभारी प्रधानाध्यापक जयशंकर प्रसाद ने प्रशिक्षण दिया. इसमें दाउदनगर नगर पर्षद क्षेत्र के विभिन्न संकुलों के विद्यालयों के प्रधानाध्यापक व प्रत्येक विद्यालय से दो-दो शिक्षकों ने भाग लिया. प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को बच्चों की शैक्षणिक क्षमता जांचने के तरीके बताये गये. शिक्षकों को निर्देश दिया गया कि वे अपने-अपने विद्यालयों में जाकर बच्चों की पढ़ने, लिखने व जोड़-घटाव की क्षमता का आकलन करें. विशेष रूप से यह देखा जायेगा कि बच्चे वाक्यों को सही ढंग से पढ़ पा रहे हैं या नहीं तथा उन्हें बुनियादी गणितीय ज्ञान है या नहीं. कार्यशाला में बताया गया कि जिन बच्चों की सीखने की क्षमता अपेक्षित स्तर से कम पायी जायेगी, उन्हें चिन्हित कर विशेष कैंप के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जायेगा. इन कैंपों में बच्चों को सरल व प्रभावी गतिविधियों के जरिये पढ़ाई से जोड़ा जायेगा, ताकि उनकी भाषा व गणितीय दक्षता में सुधार हो सके. शिक्षा विभाग का मानना है कि इस पहल से बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत होगी और वे आगे की पढ़ाई में बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे.
चिन्हित होंगे कमजोर छात्र, विशेष कैंप से बनेंगे दक्ष
बच्चों की बुनियादी शिक्षा मजबूत करने को विशेष कार्यशाला आयोजित
