Aurangabad News: (औरंगाबाद से मणिकांत पांडेय) जिले के हसपुरा प्रखंड स्थित बुनियादी विद्यालय डिंडिर में गुरुवार को उस समय हंगामा खड़ा हो गया. जब सुबह विद्यालय पहुंचे बच्चों को गेट पर ताला लटका मिला. विद्यालय समय पर नहीं खुलने से नाराज ग्रामीणों ने जमकर विरोध जताया और शिक्षकों पर लापरवाही का आरोप लगाया.
विवाद में उलझे शिक्षक और प्रभार
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में पिछले कई दिनों से यही स्थिति बनी हुई है. शिक्षक आपसी गुटबाजी और प्रभार विवाद में उलझे हुए हैं. जिससे विद्यालय का शैक्षणिक माहौल पूरी तरह प्रभावित हो गया है. लोगों ने आरोप लगाया कि विद्यालय शिक्षा का केंद्र बनने के बजाय राजनीति का अखाड़ा बन चुका है और इसका खामियाजा मासूम बच्चों को भुगतना पड़ रहा है.
मध्यान भोजन में गड़बड़ी
मौके पर मौजूद बच्चों ने बताया कि अक्सर विद्यालय देर से खुलता है, जिसके कारण दो से तीन घंटी ही पढ़ाई हो पाती है. बच्चों ने यह भी कहा कि मध्यान भोजन में न तो मेन्यू का पालन होता है और न ही भरपेट भोजन मिलता है. इधर, ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में लगे गेट और ताड़ के पेड़ तक बेच दिए गए हैं.
विद्यालय प्रभारी ने आरोपों को बताया निराधार
विद्यालय प्रभारी ने सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि कुछ लोग जानबूझकर माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं. हंगामे के बीच करीब नौ बजे के बाद विद्यालय का ताला खोला गया. तब जाकर बच्चों की पढ़ाई शुरू हो सकी. ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है.
Also Read: Kaimur News: कैमूर में 94 घंटे के बाद भी 4 सिर कटे शवों की नहीं हुई शिनाख्त, सीरियल किलर की आशंका
