अंडर-14 प्रशिक्षण के लिए 14 खिलाड़ियों का चयन, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दाउदनगर. दाउदनगर की बेटियों ने फुटबॉल के मैदान में अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है. मां शारदे फुटबॉल क्लब की कई खिलाड़ियों का चयन बिहार सरकार द्वारा संचालित एकलव्य सेंटर समस्तीपुर व नरकटियागंज में अंडर-14 वर्ग के प्रशिक्षण के लिए हुआ है. यह उपलब्धि न केवल खिलाड़ियों के लिए, बल्कि पूरे दाउदनगर क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बन गयी है. अप्रैल माह में आयोजित ट्रायल में क्लब की कुल 15 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था. कठिन चयन प्रक्रिया और बेहतरीन प्रदर्शन के आधार पर 14 खिलाड़ियों का चयन किया गया. इन खिलाड़ियों के सम्मान में कादरी मध्य विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जहां उन्हें सम्मानित किया गया. विद्यालय की आठवीं कक्षा की छात्रा काजल कुमारी का चयन भी इस सूची में शामिल है. इस अवसर पर अन्य विद्यालयों की चयनित छात्राओं को भी सम्मानित किया गया, जिनमें बालिका इंटर स्कूल की प्रतिज्ञा कुमारी, नेहा कुमारी व जूही कुमारी, कन्या मध्य विद्यालय की सलोनी कुमारी व खुशी कुमारी तथा विवेकानंद मिशन स्कूल की स्नेहा कुमारी शामिल हैं. चयनित खिलाड़ियों में स्नेहा कुमारी, खुशी कुमारी, काजल कुमारी, प्रतिज्ञा कुमारी, नेहा कुमारी, सलोनी कुमारी, जूही कुमारी, आरुषि कुमारी, ज्योति कुमारी, सकीना महनूर, अलीशा कुमारी, अंजलि कुमारी, कुमकुम कुमारी और मोनी कुमारी शामिल हैं. इनमें से सात खिलाड़ी समस्तीपुर स्थित एकलव्य फुटबॉल खेल केंद्र में और सात खिलाड़ी नरकटियागंज खेल सेंटर में प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी. इन खिलाड़ियों को निःशुल्क आवास, भोजन, पढ़ाई और खेल प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जायेगी. आधुनिक सुविधाओं और विशेषज्ञ प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में इन बालिकाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के लिए तैयार किया जायेगा. मां शारदे फुटबॉल क्लब, दाउदनगर में नियमित अभ्यास के जरिए इन खिलाड़ियों ने यह सफलता हासिल की है. क्लब के प्रशिक्षक रवि कुमार और सत्यम पांडेय ने खिलाड़ियों को तकनीकी और शारीरिक रूप से मजबूत बनाने के लिए लगातार मेहनत की. प्रशिक्षकों का कहना है कि ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, केवल सही मार्गदर्शन और अवसर की जरूरत होती है. एकलव्य सेंटर रवाना होने से पहले कादरी मध्य विद्यालय में एक बार फिर सम्मान समारोह आयोजित किया गया. प्रधानाध्यापक सुरेश प्रसाद ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इन बेटियों ने मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया है कि किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है. समारोह में मौजूद लोगों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. पूरे क्षेत्र में इन बेटियों की सफलता से गर्व और खुशी का माहौल है.
दाउदनगर की बेटियों का जलवा, फुटबॉल मैदान में चमकी प्रतिभा
अंडर-14 प्रशिक्षण के लिए 14 खिलाड़ियों का चयन, पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर
