गणेशोत्सव के अवसर पर औरंगाबाद के दाउदनगर शहर में इन दिनों चारों तरफ भक्ति और उल्लास का माहौल बना हुआ है. विभिन्न पूजा पंडालों में भगवान श्री गणेश की भव्य पूजा-अर्चना एवं महाआरती का लगातार आयोजन किया जा रहा है.
इसी क्रम में गुरुवार की रात मगध प्रक्षेत्र के आईजी विकास वैभव शहर के शुक बाजार स्थित श्री श्री गणेश पूजा समिति के पूजा पंडाल पहुंचे. उन्होंने वहां पहुंचकर भगवान गणेश की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और महाआरती में भाग लिया. पूजा पंडाल में पहुंचने पर आयोजकों द्वारा आईजी का जोरदार स्वागत किया गया.
महाआरती के दौरान गूंजा भक्तिमय माहौल
महाआरती के दौरान काफी संख्या में मौजूद महिला और पुरुष श्रद्धालुओं ने एक साथ ताली और शंख ध्वनि के बीच आरती गाई, जिससे पूरा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया. आरती संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया गया. इस अवसर पर आईजी विकास वैभव ने भगवान गणपति से सभी के जीवन में सुख-समृद्धि की कामना की.
उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि एक विकसित बिहार और विकसित भारत बनाने के लिए हम सभी को मिलकर सार्थक प्रयास करना होगा. उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस प्रशासन और बिहार सरकार राज्य में एक पूरी तरह भयमुक्त एवं विश्वासपूर्ण वातावरण उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर और तैयार है.
महाकाल गणेशोत्सव समिति के पंडाल में भी पहुंचे आईजी
इसके बाद आईजी विकास वैभव शहर के कूचा गली स्थित महाकाल गणेशोत्सव समिति के पूजा पंडाल में भी पहुंचे और वहां आयोजित महाआरती में हिस्सा लिया. यहां भी स्थानीय श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया.
इन दोनों प्रमुख पूजा पंडालों में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. इस दौरान मौके पर भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष संजय मेहता, भाजपा नगर अध्यक्ष श्याम पाठक, शिक्षाविद आनंद प्रकाश, समाजसेवी लव कुमार सिंह, चंदन शर्मा सहित काफी संख्या में गणमान्य लोग एवं महिला-पुरुष श्रद्धालु उपस्थित रहे.
चार स्थानों पर हो रहा भव्य गणेशोत्सव का आयोजन
शहर के अन्य पूजा पंडालों में भी गणेशोत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है. बाबा बिहारी दास के संगत स्थित लक्ष्मी भवन के पास जय बजरंग गणपति पूजा समिति तथा नगर पर्षद रोड में एकता संघ गणेश पूजा समिति द्वारा स्थापित पूजा पंडालों में भी भगवान श्री गणेश की महाआरती का आयोजन किया गया.
इन सभी आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और अपने परिवार के लिए सुख-समृद्धि की कामना की. फिलहाल शहर के सभी पूजा पंडालों में गूंज रहे भक्ति गीतों और महाआरती से पूरा इलाका आस्था के रंग में रंगा हुआ है.