स्वामी विवेकानंद की पुण्यतिथि के अवसर पर ओबरा प्रखंड मुख्यालय स्थित विभिन्न चिन्हित स्थानों पर विवेकानंद मिशन स्कूल, दाउदनगर के तत्वावधान में व्यापक पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति लोगों को जागरूक करना तथा अधिक से अधिक वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना था.
बताया गया कि संस्था द्वारा पूरे जुलाई माह में विवेकानंद बी द ग्रेट मिशन इको क्लब के बैनर तले "आत्मोदय अभियान – चलें गांव की ओर थीम पर औरंगाबाद, रोहतास, अरवल सहित विभिन्न जिलों में पर्यावरण संरक्षण संबंधी कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं. इसी अभियान के तहत ओबरा शहर के विभिन्न स्थानों पर पर्यावरण से जुड़ी चुनौतियों पर चर्चा की गई और लोगों को वृक्षों के महत्व के बारे में जागरूक किया गया.
कार्यक्रम का नेतृत्व विवेकानंद मिशन के बी-ग्रेड पदाधिकारी लोकेश पांडेय, शिक्षिका दिव्या मिश्रा, सड़क दुर्घटना रोकथाम समिति के सदस्य पुष्कर अग्रवाल तथा सहजानंद ने संयुक्त रूप से किया. इस अवसर पर विद्यालय के 67 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और प्रखंड परिसर, थाना परिसर, डॉ. श्रीकृष्ण सिंह स्मृति परिसर तथा सड़क दुर्घटना रोकथाम कार्यालय सहित कई सार्वजनिक स्थलों पर छायादार एवं फलदार पौधे लगाए.
मौके पर उपस्थित अपर थानाध्यक्ष कुणाल कुमार एवं अवर निरीक्षक दीपक कुमार ने कहा कि विवेकानंद मिशन स्कूल द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान समाज के लिए प्रेरणादायक है. उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने से पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी. प्रखंड विकास पदाधिकारी मनोज कुमार एवं अंचल अधिकारी राकेश कुमार ने विद्यालय के संस्थापक, शिक्षकों और छात्र-छात्राओं की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.
उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इस दिशा में युवाओं की भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने बताया कि सरकार भी मनरेगा के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण करा रही है.
अधिकारियों ने सभी नागरिकों से अपने घर, खेत या आसपास उपलब्ध खाली स्थान पर कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की, ताकि आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ, हरित और सुरक्षित पर्यावरण मिल सके.
