औरंगाबाद में युवक की मौत के बाद भड़के ग्रामीण, नौकरी और मुआवजे की मांग पर अड़े लोग, वाहनों की लगी लंबी कतार

Aurangabad Road Accident : औरंगाबाद-नवीनगर मुख्य पथ पर सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत के बाद ग्रामीणों में भारी आक्रोश है. गुरुवार रात हुए इस हादसे के बाद शुक्रवार सुबह गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क जाम कर दिया, जिससे आवागमन बाधित हो गया. प्रदर्शनकारी मुआवजे और नौकरी की मांग कर रहे हैं.

Aurangabad Road Accident : औरंगाबाद के अंबा-नवीनगर मुख्य पथ पर दधपा गांव मोड़ के समीप गुरुवार रात सड़क दुर्घटना में दधपा गांव निवासी पंकज कुमार मेहता की मौत हो गई. हादसे के बाद शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया, जिससे मुख्य मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया.

ईंट के टुकड़े से असंतुलित हुई बाइक, दूसरी बाइक से हुई टक्कर

मृतक की पहचान अरविंद मेहता के पुत्र पंकज कुमार मेहता के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, वह बाइक से अंबा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान सड़क पर पड़े ईंट के टुकड़े से उनकी बाइक असंतुलित हो गई और सामने से आ रही दूसरी बाइक से टकरा गई. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए.

अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पंकज कुमार मेहता को रेफरल अस्पताल कुटुंबा पहुंचाया. वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल, औरंगाबाद रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.

ग्रामीणों ने सड़क की बदहाल स्थिति पर जताया आक्रोश

घटना से नाराज ग्रामीणों ने शुक्रवार सुबह सड़क जाम कर सड़क पर बिखरी निर्माण सामग्री और मलबे को दुर्घटना का प्रमुख कारण बताया. प्रदर्शनकारियों ने नियमित सफाई, सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

मुआवजा और नौकरी की मांग पर अड़े ग्रामीण

जाम की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाने का प्रयास किया. हालांकि ग्रामीण मृतक के आश्रितों को मुआवजा और नौकरी देने की मांग पर डटे रहे. पुलिस अधिकारियों ने उचित कार्रवाई का भरोसा देकर स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया.

Also Read : औरंगाबाद: अंबा-नवीनगर मुख्य पथ पर सड़क हादसा, ईंट के टुकड़े से असंतुलित होकर दूसरे वाहन से टकरायी बाइक, युवक की मौत


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujit kumar

सुजीत कुमार सिंह पिछले 15 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. क्राइम की खबरों की गहरी समझ है. वर्ष 2014 से प्रभात खबर औरंगाबाद में ब्यूरो चीफ की जिम्मेवारी संभाल रहे हैं. सच्चिदानंद सिन्हा कॉलेज, औरंगाबाद से ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >