हसपुरा जंगल में मिली महिला के शव की हुई पहचान, डीएनए जांच के लिए भेजा गया सैंपल

हालांकि, पुलिस और परिजन दोनों ही इस पहचान को लेकर अब भी पूरी तरह से आश्वस्त नहीं हैं. शव की पुष्टि के लिए डीएनए जांच का सहारा लिया गया है

औरंगाबाद ग्रामीण. हसपुरा प्रखंड के डिंडीर पंचायत अंतर्गत सत्यदेव नगर स्थित जंगल से सोमवार को बरामद 45 वर्षीय महिला के शव की पहचान कथित रूप से खभैनी गांव निवासी दीनदयाल यादव की पत्नी शशि देवी के रूप में की गयी है. हालांकि, पुलिस और परिजन दोनों ही इस पहचान को लेकर अब भी पूरी तरह से आश्वस्त नहीं हैं. शव की पुष्टि के लिए डीएनए जांच का सहारा लिया गया है. बुधवार को कुछ स्थानीय लोगों और परिजनों द्वारा महिला की पहचान की गयी, जिसके आधार पर औरंगाबाद शहर के अदरी नदी घाट पर उसका अंतिम संस्कार कराया गया. शव की पहचान के बाद पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया और डीएनए सैंपल को जांच के लिए भेज दिया गया है. परिजनों ने बताया कि मृतका शशि देवी की शादी वर्ष 1998 में हुई थी. वर्ष 2022 में बीमारी के कारण उनके पति की मृत्यु हो गयी थी. शशि देवी के एक बेटा और तीन बेटियां है. उनका बेटा हेमंत कुमार भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में कार्यरत है. परिजनों ने आरोप लगाया कि पति की मृत्यु के बाद ससुराल पक्ष की ओर से लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही थी. इस वर्ष उनकी बेटी स्वीटी की शादी में खर्च को लेकर ससुराल वालों ने मायके पक्ष पर पैसों की मांग का दबाव बनाया. पैसे न देने पर मारपीट की गयी और महिला को घर से निकाल देने की धमकी दी गयी.

20 दिन से थी लापता, पुलिस को नहीं दी गयी थी सूचना

परिजनों का कहना है कि शशि देवी 20 दिन पहले से लापता थी, लेकिन ससुराल वालों ने इस बारे में मायकेवालों को कोई जानकारी नहीं दी. 10 दिन पहले जब परिजनों को जानकारी मिली तो उन्होंने खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला. अंततः जब सोमवार को हसपुरा थाना क्षेत्र में एक अज्ञात महिला का शव मिलने की खबर आयी, तो परिजन थाना पहुंचे और शव को देखने के बाद चेहरा पहचानकर शिनाख्त की. हालांकि, मृतका की साड़ी और घटनास्थल से बरामद चप्पल से कोई पहचान नहीं हो पायी, इसलिए शव की पूरी पुष्टि के लिए डीएनए जांच करायी जा रही है. हसपुरा थाना के दरोगा राहुल कुमार ने बताया कि शव की प्राथमिक शिनाख्त के बाद डीएनए सैंपल लिया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही अंतिम पुष्टि हो सकेगी. उन्होंने कहा कि परिजनों का फर्द बयान भी दर्ज कर लिया गया है. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Sujit kumar

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >