Tejashwi Yadav on Inflation And Corruption: गोह के तुलसी बिगहा में मंगलवार को आयोजित श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव में पहुंचे नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी प्रसाद यादव ने बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने महंगाई, कानून व्यवस्था, भ्रष्टाचार, शराबबंदी, बेरोजगारी और पेपर लीक समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार को घेरा. तेजस्वी यादव निर्धारित समय से करीब दो घंटे विलंब से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे. इस दौरान लगातार बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम स्थल पर डटे रहे.
कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने के बाद तेजस्वी यादव ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की. इसके बाद दीप प्रज्वलित कर महोत्सव का उद्घाटन किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता गोह विधायक अमरेंद्र कुशवाहा ने की.
महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना
तेजस्वी यादव ने महंगाई को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पहले महंगाई डायन लगती थी, अब महंगाई भौजाई लगती है. उन्होंने कहा कि महंगाई ने आम लोगों की कमर तोड़ दी है. रोजमर्रा की जरूरतों की वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम जनता परेशान है.
अपराध नियंत्रण को लेकर मुख्यमंत्री पर सवाल
बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर तेजस्वी यादव ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी पर निशाना साधा. उन्होंने मुख्यमंत्री पर हत्या का मुकदमा दर्ज होने का दावा करते हुए सवाल उठाया कि जब मुख्यमंत्री पर ही ऐसा मुकदमा दर्ज है तो बिहार में अपराध पर नियंत्रण कैसे होगा. उन्होंने पुलिस व्यवस्था और कथित फर्जी मुठभेड़ के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा.
थाना में बिना घूस काम नहीं होने का लगाया आरोप
भ्रष्टाचार के मुद्दे पर तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया कि बिहार में भ्रष्टाचार चरम पर है. उन्होंने कहा कि थाना में बिना घूस के कोई काम नहीं होता. आम लोगों को छोटे-छोटे काम के लिए भी सरकारी कार्यालयों में परेशान होना पड़ता है. उन्होंने सरकार से भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की.
शराबबंदी पर भी सरकार को घेरा
तेजस्वी यादव ने शराबबंदी को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में शराबबंदी लागू होने के बावजूद शराब की होम डिलीवरी हो रही है. उन्होंने कहा कि यदि शराब की बिक्री और आपूर्ति नहीं हो रही है तो फिर शराब लोगों तक कैसे पहुंच रही है.
रोजगार और पेपर लीक का मुद्दा उठाया
नेता प्रतिपक्ष ने युवाओं के रोजगार का मुद्दा उठाते हुए पेपर लीक, घोटाले और रोजगार की मांग करने वाले युवाओं पर लाठीचार्ज का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार देने के बजाय उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाने पर कार्रवाई की जाती है.
तेजस्वी यादव ने बिहार की आर्थिक स्थिति पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि राज्य की स्थिति ऐसी है कि प्रत्येक व्यक्ति पर करीब 27 हजार रुपये का कर्ज है. उन्होंने सरकार से रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और कानून व्यवस्था पर ध्यान देने की मांग की.
बारिश के बीच कार्यक्रम में डटे रहे लोग
तेजस्वी यादव के कार्यक्रम में पहुंचने का निर्धारित समय शाम तीन बजे था, लेकिन वह करीब दो घंटे की देरी से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे. इस दौरान मौसम खराब रहने के साथ लगातार बारिश होती रही. इसके बावजूद कार्यक्रम में जुटे लोग और दर्शक बारिश के बीच डटे रहे. तेजस्वी यादव के पहुंचते ही कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह देखने को मिला.
धार्मिक आयोजन में छाए राजनीतिक मुद्दे
तुलसी बिगहा में आयोजित जन्माष्टमी महोत्सव में धार्मिक आयोजन के साथ राजनीतिक मुद्दे भी प्रमुख रहे. भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना और महोत्सव के उद्घाटन के बाद तेजस्वी यादव ने अपने संबोधन में महंगाई, अपराध, भ्रष्टाचार, शराबबंदी और रोजगार जैसे मुद्दों को लेकर सरकार पर हमला बोला.
कार्यक्रम में टेकारी विधायक अजय कुशवाहा, सांसद सुरेंद्र यादव, पूर्व मंत्री कांति सिंह, पूर्व विधायक वीरेंद्र यादव, कोलेश्वर यादव, नंदलाल यादव, अजय आर्य सहित कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे. कार्यक्रम को सफल बनाने में राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय यादव, दीपक दिनकर, धर्मेंद्र यादव, नौलेश यादव, विकास कुमार, अरुण यादव, सुरेंद्र यादव सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई.
